भीलवाड़ा: रिजु झुनझुनवाला के जन्मदिवस पर सुरों की महफिल और विभूतियों का सम्मान, भव्य सांस्कृतिक संध्या 13 को
भीलवाड़ा में 13 जनवरी को समाजसेवी रिजु झुनझुनवाला के 47वें जन्मदिवस पर भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन होगा। जिला यूनेस्को एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. दिपेश विश्नावत की शाम-ए-गजल और मिसेज जया चौहान का नागरिक अभिनंदन मुख्य आकर्षण होंगे। भीलवाड़ा की प्रतिभाओं के सम्मान और पोष बड़ा महोत्सव के साथ इस उत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा।

भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा की सांस्कृतिक और सामाजिक धरा पर आगामी 13 जनवरी का दिन बेहद खास होने जा रहा है। सुप्रसिद्ध समाजसेवी, विख्यात उद्योगपति और जवाहर फाउण्डेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला के 47वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शहर में एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव और सम्मान समारोह की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। जिला यूनेस्को एसोसिएशन और फूले सेवा संस्थान सहित शहर की विभिन्न अग्रणी संस्थाओं के साझा तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल कला का प्रदर्शन होगा, बल्कि समाज सेवा के प्रति समर्पण का एक अनूठा संगम भी बनेगा।
जिला यूनेस्को एसोसिएशन की प्रवक्ता मधु लोढा ने इस आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि मंगलवार, 13 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शहर में खुशियों का आगाज होगा। इस समारोह के मुख्य आकर्षणों में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गजल गायक डॉ. दिपेश विश्नावत की जादुई आवाज से सजी 'शाम-ए-गजल' होगी, जो श्रोताओं को रूहानी सुकून देगी। इसी कड़ी में रमा कत्थक संस्थान के नर्तकों द्वारा रंगारंग और शास्त्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो राजस्थान की समृद्ध विरासत की झलक पेश करेंगी।
यह अवसर केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन शख्सियतों को नमन करने का भी माध्यम बनेगा जिन्होंने समाज में अपनी विशेष पहचान बनाई है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की उभरती और स्थापित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। विशेष रूप से, मिसेज जया चौहान का विभिन्न संस्थाओं द्वारा नागरिक अभिनंदन किया जाना कार्यक्रम का एक भावुक और गौरवशाली क्षण होगा। समाजसेवी रिजु झुनझुनवाला के जन्मदिन को जन-सरोकारों से जोड़ते हुए कार्यक्रम के अंत में एक वृहद्ध स्तर पर पोष बड़ा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। यह आयोजन न केवल एक व्यक्ति विशेष के जन्मदिवस का उत्सव है, बल्कि यह भीलवाड़ा की एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का परिचायक बनकर उभरेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
