भीलवाड़ा में दशलक्षण (पर्युषण) महापर्व की दस दिन की तप आराधना पूर्ण होने के बाद शनिवार, 26 सितम्बर को करीब 30 तपस्वियों का शाही पारणा महोत्सव आयोजित किया गया। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में आयोजित इस आयोजन में भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज संसघ का सानिध्य रहा।

श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित शाही पारणा महोत्सव में दस उपवास की तपस्या पूर्ण करने वाले करीब 30 तपस्वियों का पारणा कराने के लिए बिग बॉस फेम मशहूर टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन विशेष रूप से पहुंचे। महोत्सव से पहले सुबह दस दिन की तप आराधना करने वाले श्रावक-श्राविकाओं की भव्य सामूहिक थालोड़ी आयोजित की गई।

इसके बाद शास्त्रीनगर के मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन के लिए तपस्वियों की शाही बग्गियों में प्रभावना यात्रा निकाली गई। तपस्वियों ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सूर्यमहल में शाही पारणा महोत्सव का आयोजन हुआ।



पारणा महोत्सव के प्रारंभ में आचार्य पुलकसागर महाराज ने तपस्वियों को संकल्प कराया। उन्होंने कहा कि दस दिन की उपवास साधना के दौरान किसी तरह की विराधना हुई हो, मन खेद-खिन्न हुआ हो या थोड़ी सी भी धर्म के प्रति आस्था डगमगाई हो तो जिनेन्द्र भगवान से क्षमायाचना करें और उपवास का यही फल चाहें कि एक दिन हमारा भी आपके जैसा कल्याण हो। हमारा जीवन धर्म के मार्ग पर लगा रहे।

तपस्वियों ने संकल्प के माध्यम से वहां उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं एवं परिवारजनों से भी उत्तम क्षमा की याचना की। संकल्प के बाद तपस्वियों के पारणे का दौर शुरू हुआ। सबसे पहले टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन ने प्रत्येक तपस्वी के पास पहुंचकर पारणा कराया और उनके तप की अनुमोदना की। इसके बाद तपस्वियों की माता, पत्नी और अन्य परिजनों ने पारणा कराया।

तप की अनुमोदना का लाभ प्राप्त करने के लिए कई समाजजनों ने भी तपस्वियों का पारणा कराया। निशा हिंगड़ ने गीतों के माध्यम से तपस्या की अनुमोदना की। श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से तपस्वियों के पारणे के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

शाही पारणा महोत्सव के लिए विशेष रूप से भीलवाड़ा पहुंचे टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन ने आचार्य पुलकसागर महाराज का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, सह संयोजक लोकेश अजमेरा आदि पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन चातुर्मास समिति के महामंत्री जयकुमार पाटनी ने किया।

पारणा महोत्सव में शामिल होने के लिए भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं सूर्यमहल पहुंचे। दस दिन की उपवास साधना पूर्ण करने वाले तपस्वियों के शाही पारणे और उनकी तपस्या की अनुमोदना के साथ दशलक्षण (पर्युषण) महापर्व की आराधना का यह आयोजन सम्पन्न हुआ।

उदयपुर महापौर सिंघवी ने आचार्य पुलकसागर से प्राप्त किया आशीर्वाद

उदयपुर नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित अनेक पार्षदों के साथ मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी का अभिनंदन किया।


Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story