भीलवाड़ा में 16108 तुलसी शालिग्राम विवाह के लिए गढ़बोर चारभुजानाथ को निमंत्रण
आयोजन के लिए 200 श्रद्धालुओं का दल मंगल लग्न पत्रिका लेकर रवाना होगा, जबकि मेडिसिटी ग्राउंड पर सफाई के लिए श्रमदान अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।

भीलवाड़ा के मेडिसिटी ग्राउंड में 20 नवंबर को होने वाले तुलसी शालिग्राम विवाह के लिए श्रमदान करते श्रद्धालु।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव को लेकर धार्मिक उत्साह के साथ तैयारियां तेज हो गई हैं। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ स्वयं बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे। उन्हें विवाह समारोह में बारात लेकर आने का निमंत्रण देने के लिए शनिवार को 200 श्रद्धालुओं का दल गढ़बोर चारभुजा रवाना होगा। उधर, आयोजन स्थल की स्वच्छता के लिए श्रद्धालुओं का श्रमदान अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महामहोत्सव के तहत महोत्सव के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में मंगल लग्न पत्रिका लेकर श्रद्धालु गढ़बोर चारभुजानाथ को आमंत्रित करेंगे। इस यात्रा में यजमान राधेश्याम रितेश चेचाणी परिवार और मुख्य समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। शनिवार को 21 छोटे वाहनों और दो बसों में सवार होकर कुल 200 श्रद्धालु गढ़बोर चारभुजा जाएंगे।
आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर होने वाले इस भव्य आयोजन में पहली बार राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात में शामिल होकर आएंगे। इन मंदिरों में मंगल लग्न पत्रिका समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ओर से पहले ही भगवान चारभुजानाथ को समर्पित की जा चुकी है।
महोत्सव आयोजन समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य ने बताया कि दिव्य एवं भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों के तहत आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में सफाई और स्वच्छता के लिए श्रद्धालुओं का श्रमदान अभियान दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। सूर्योदय के कुछ देर बाद ही श्रद्धालुओं के आयोजन स्थल पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और उन्होंने श्रमदान में भाग लिया।
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र कचोलिया ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हर आयु वर्ग के महिला-पुरुष श्रद्धालु कारसेवा के लिए पहुंचे और समर्पित भाव से अपनी सेवाएं दीं। समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ सहित कई पदाधिकारियों ने भी श्रमदान में सहभागिता निभाई। आयोजन स्थल की सफाई एवं स्वच्छता का अभियान रविवार और सोमवार सुबह भी जारी रहेगा। इसके साथ ही विशाल पांडाल निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमेन्द्र शर्मा ने बताया कि महामहोत्सव के कार्यक्रम 17 नवंबर से शुरू होंगे। इसके तहत 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर एक से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड में रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
तुलसी विवाह संपन्न कराने के लिए भीलवाड़ा जिले के साथ ही देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म माता-पिता के रूप में अपना पंजीयन कराया है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने बताया कि दूसरे दिन श्रमदान के रूप में कारसेवा करने वालों में आचार्य योगेन्द्र शर्मा, जगदीश शर्मा, रविकांत शर्मा, खेमराज पनवा, विजेन्द्रसिंह चुण्डावत, परमेश्वर पाराशर, भंवरलाल पारीक, अनिल टेलर, प्रहलाद अजमेरा, कमलकिशोर भारद्धाज, शंकरलाल माली, शिवदयाल मनसावत, प्रेम पुरोहित, श्याम पुरोहित, सुनील विश्नोई, सत्यनारायण गुग्गड़, गोपाल सुवालका, विमला सुथार, मंजू सुथार, ललित सुथार, रामपाल असावा, पुरूषोत्तम काकानी, सरोज नराणीवाल, अनिल नराणीवाल, छगनलाल जैन, कमलेश शर्मा, महेश पांडे, अनिल पारीक, गोपीकिशन पाटोदिया, सत्यनारायण सुवालका, दिनेश माहेश्वरी, रतन शर्मा, घनश्याम शर्मा, शुभम शर्मा, नीरज छीपा और बद्रीलाल सोमानी सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
आयोजन समिति ने भीलवाड़ा के सर्व समाज के श्रद्धालुओं से महोत्सव को सफल बनाने के लिए समर्पित भाव से सेवाएं देने की अपील की है। साथ ही परिजनों, मित्रों और समाजजनों को भी इस महाआयोजन से जोड़ने का आह्वान किया है। 20 नवंबर को होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की तैयारियों के बीच गढ़बोर चारभुजानाथ को बारात का निमंत्रण देने के लिए 200 श्रद्धालुओं की यात्रा आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनने जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
