भीलवाड़ा शहर की बहुप्रतीक्षित 100 फीट सड़क के चौड़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। विधायक अशोक कोठारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुरूप गृह विभाग और यूडीएच (शहरी विकास एवं आवासन) विभाग ने आपसी समन्वय स्थापित कर आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई है। इससे वर्षों से लंबित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि मेवाड़ मिल से जोधड़ास फाटक और पांडू नाला तक प्रस्तावित 100 फीट सड़क भीलवाड़ा शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से इस मार्ग के संकरा होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। केवल 10 से 12 फीट चौड़े इस रास्ते पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद गृह विभाग और यूडीएच विभाग ने सकारात्मक पहल करते हुए सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं में समन्वय स्थापित किया। दोनों विभागों के सहयोग से सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध हो सकी है, जिससे अब निर्माण कार्य को गति देने का रास्ता साफ हो गया है।

अशोक कोठारी ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि शहर की भविष्य की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उनके अनुसार सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी, आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही आसान होगी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही ड्रेनेज व्यवस्था, विद्युत लाइन शिफ्टिंग तथा अन्य आवश्यक कार्यों को भी समानांतर रूप से पूरा किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी सोच के अनुरूप भीलवाड़ा में वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति मिली है। विधायक ने विश्वास जताया कि 100 फीट सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद शहरवासियों को जाम और आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी तथा भीलवाड़ा की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story