खेल, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के अनूठे संगम को साकार करने की दिशा में भारत विकास परिषद् वीर शिवाजी शाखा एक विशेष पहल करने जा रही है। परिषद् के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पहली बार तीन दिवसीय डे-नाइट “वन्दे मातरम् फुटबॉल प्रतियोगिता” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के नन्हे और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।

प्रतियोगिता का आयोजन 10, 11 एवं 12 जुलाई को सेठ मुरलीधर मानसिंहका कन्या विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगी, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक खेल वातावरण में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।

भारत विकास परिषद् वीर शिवाजी शाखा के अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों का विकास करना है। प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष तथा 11 से 15 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि शाखा के खेल प्रभारी महेश बिड़ला के मार्गदर्शन और सह सचिव हरीश अग्रवाल के समन्वय में आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया जा रहा है, जो आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक प्रतिभागी प्रतिदिन सायं 5 बजे से 7 बजे तक सेठ मुरलीधर मानसिंहका कन्या विद्यालय के पीछे स्थित खेल मैदान में पहुंचकर अपना पंजीयन करवा सकते हैं। यहां कोच अजीत जैन के निर्देशन में खिलाड़ियों को नियमित फुटबॉल प्रशिक्षण और अभ्यास भी कराया जा रहा है, ताकि वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक शिवॉय स्कूल के दौलत जी अग्रवाल हैं। वहीं रोशन ज्वेलर्स के पारस बोहरा, अग्रवाल यार्न के गिरीश अग्रवाल, मानसिंहका स्टोर के आदित्य मानसिंहका, आइकॉन इंस्टीट्यूट के अनिल चौधरी, दीपेश खंडेलवाल, सोजत स्कूल, Rideloo एवं पन्ना मोटर्स के जितेन्द्र बांठिया टीम स्पॉन्सर के रूप में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

कमलेश बोड़ाना ने सभी प्रायोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शहर के अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “वन्दे मातरम् फुटबॉल प्रतियोगिता” बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी, जो खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और अनुशासन के संस्कार भी विकसित करेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story