भीलवाड़ा में भारत विकास परिषद का खेलकूद सप्ताह 7 जुलाई से होगा शुरू
भाविप के 63वें स्थापना दिवस पर भीलवाड़ा की सभी सात शाखाओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक एकता बढ़ाने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

भारत विकास परिषद (भाविप) के 63वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर की सभी सातों शाखाओं के बीच आपसी संपर्क, सौहार्द और सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 7 जुलाई से 12 जुलाई तक भव्य ‘खेलकूद सप्ताह-2026’ का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय महेश स्पोर्ट्स एकेडमी, महेश स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले इस वृहद खेल आयोजन का संयोजन भारत विकास परिषद की चंद्रशेखर आजाद शाखा, भीलवाड़ा को सौंपा गया है।
परिषद पदाधिकारियों के अनुसार खेलकूद सप्ताह के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के लिए बॉक्स क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, पिकल बॉल तथा वॉलीबॉल सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन के अंतिम दिन 12 जुलाई को सुबह 7:30 बजे विशेष ‘ट्रेजर हंट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो पूरे खेल सप्ताह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता में महिला वर्ग, 12 से 18 वर्ष के विद्यार्थी वर्ग, वरिष्ठ सदस्य तथा पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं बैडमिंटन में अंडर-13, अंडर-19 तथा अपर-19 वर्ग, शतरंज में अंडर-15 एवं अपर-15 वर्ग तथा कैरम और टेबल टेनिस में अंडर-15 एवं अपर-15 वर्ग के एकल और युगल मुकाबले खेले जाएंगे।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि किसी भी श्रेणी की प्रतियोगिता तभी आयोजित होगी, जब संबंधित वर्ग में न्यूनतम छह प्रविष्टियां प्राप्त होंगी। बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित की गई थी। अन्य सभी इंडोर एवं आउटडोर खेलों के लिए प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 5 जुलाई रात्रि 8:00 बजे तक रहेगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में नया पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, सचिव प्रशांत खातोड़, कोषाध्यक्ष मोहित पणगिया, खेलकूद मुख्य प्रभारी विनीत शर्मा, खेलकूद प्रभारी आशीष लड्ढा तथा महिला सहभागिता संयोजक विजयलक्ष्मी समदानी ने भीलवाड़ा की सभी सातों शाखाओं के सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों से खेलकूद सप्ताह में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा खेल भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह खेलकूद सप्ताह परिषद की सातों शाखाओं के बीच समन्वय, सहभागिता और संगठनात्मक एकता को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
