बौद्धिक दिव्यांगों के लिए भारत विकास परिषद का विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू
स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय शिविर में दिव्यांग बच्चों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नृत्य, कला और सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

समाज के विशेष बौद्धिक दिव्यांग भाई-बहनों को आत्मनिर्भर और मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा ने सेवाभावी पहल करते हुए सेवाश्रम, पटेल नगर में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया है। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना और स्वावलंबन का पाठ पढ़ाना है।
शिविर में विशेष दिव्यांग भाई-बहनों को उनकी रुचि तथा मानसिक और शारीरिक क्षमता के अनुरूप विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान नृत्य के माध्यम से शारीरिक समन्वय और मानसिक आनंद विकसित किया जा रहा है, जबकि चित्रकला के जरिए बच्चे अपनी भावनाओं को कैनवास पर उकेर रहे हैं। वहीं सिलाई और क्राफ्ट का प्रशिक्षण उन्हें भविष्य में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल ने बताया कि शिविर में विनीता गुरनानी द्वारा डांस, राहुल सुवालका द्वारा जिमनास्टिक, रेखा सिंह द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट, आशा काबरा द्वारा वोकेशनल क्लास, मुकेश शर्मा द्वारा स्विमिंग तथा दृष्टि बच्चों के लिए आदित्य सिंह द्वारा लूडो और डांस का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा बनवारी लाल बच्चों को संगीत सिखा रहे हैं।
शिविर की विशेषता यह है कि यहां केवल पारंपरिक प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर प्रत्येक दिव्यांग भाई-बहन की व्यक्तिगत क्षमता का सूक्ष्म विश्लेषण किया जा रहा है। विशेषज्ञ प्रशिक्षक यह समझने का प्रयास कर रहे हैं कि कौन सा बच्चा किस क्षेत्र में अधिक सहज और प्रतिभाशाली है, ताकि भविष्य में उसे उसी दिशा में विशेष मार्गदर्शन देकर आगे बढ़ाया जा सके।
उद्घाटन सत्र के दौरान सेवाश्रम के पदाधिकारी, परिषद के सदस्य, विषय विशेषज्ञ, ट्रेनर्स और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने भारत विकास परिषद के इस सेवाभावी और दूरदर्शी प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा के सदस्यों ने समाज से अपील की कि विशेष बच्चों को सहानुभूति नहीं, बल्कि अवसर, सहयोग और सम्मान की आवश्यकता है। उनका कहना था कि यह प्रशिक्षण शिविर दिव्यांग भाई-बहनों के आत्मविश्वास को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय परिषद द्वारा शास्त्री नगर स्थित परिषद भवन पर प्रत्येक रविवार निशुल्क मधुमेह दवा वितरण, एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर और फिजियोथैरेपी सेंटर का भी संचालन किया जा रहा है। ऐसे प्रयास न केवल विशेष बच्चों को नई दिशा दे रहे हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और समावेशिता का संदेश भी मजबूत कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
