सवाई माधोपुर: भारत विकास परिषद की दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला संपन्न
परिषद ने आगामी वर्ष को 'संगठन वर्ष' घोषित किया, 51,000 बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित।

सवाई माधोपुर में आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला के समापन अवसर पर उपस्थित भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं सदस्य।
सवाई माधोपुर/भीलवाड़ा। उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के विकास और सुदृढ़ीकरण को लेकर आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला 18 और 19 अप्रैल 2026 को सवाई माधोपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 18 अप्रैल प्रातः 10 बजे विधिवत शुभारंभ के साथ शुरू हुई यह कार्यशाला 19 अप्रैल दोपहर 1:30 बजे तक चली, जिसमें संगठन की भावी कार्ययोजना और सेवा लक्ष्यों को लेकर गहन मंथन किया गया।
पांतीय मीडिया प्रभारी महेश कुमार जाजू के अनुसार, इस गरिमामयी आयोजन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुर्गादत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल, राष्ट्रीय संयोजक सम्पर्क संपत खुर्दिया, राष्ट्रीय संयोजक संस्कार डॉ. त्रिभुवन शर्मा, रीजनल अध्यक्ष राधेश्याम रंगा एवं पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री श्याम शर्मा का ओजस्वी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो अपेक्षित 118 सदस्यों में से 96 सदस्य उपस्थित रहे, जबकि 20 सदस्यों ने पूर्व सूचना दी थी और 2 सदस्य आकस्मिक कारणों से अनुपस्थित रहे।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में परिषद की रीति-नीति, लक्ष्य एवं उद्देश्य, कार्यकर्ता निर्माण, संगठनात्मक संरचना, प्रोटोकॉल, वित्तीय अनुशासन, प्रबंधन, रिपोर्टिंग तथा पंचसूत्र जैसे मूलभूत एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न गतिविधि संयोजकों एवं संगठन सदस्यों ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसके बाद सदस्यों की शंकाओं और समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने सदन के समक्ष उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को रखते हुए घोषणा की कि इस वर्ष को 'संगठन वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत परिषद की सदस्यता को 20,000 तक पहुँचाने का लक्ष्य है। संस्कार निर्माण के संकल्प के साथ 5,00,000 विद्यार्थियों के बीच 'भारत को जानो' प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, वहीं सेवा प्रकल्प के अंतर्गत 51,000 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के वैक्सीनेशन से लाभान्वित करने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजस्थान पूर्व प्रांत एवं माउंटाउन शाखा सवाई माधोपुर के कार्यकर्ताओं ने परिवहन, आवास, मंच सज्जा, पंजीयन और भोजन व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रबंधन कर आयोजन को सफल बनाया। राजस्थान मध्य प्रांत से प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, महासचिव आनंद सिंह राठौड़, वित्त महासचिव अमित सोनी, प्रांतीय महिला संयोजिका प्रभारी शारदा चेचानी, संस्कार प्रभारी अरुण बाहेती और दिलीप पारीक सहित कई प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यशाला के समापन पर क्षेत्रीय संगठन सचिव जगदीश शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह कार्यशाला कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने और संगठन के सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
