भारत को जानो प्रतियोगिता में 17 स्कूलों का मुकाबला, बजर की सेकंड के छठे हिस्से तक टाइमिंग ने बढ़ाया रोमांच
शास्त्री नगर स्थित भारत विकास परिषद भवन में वीर शिवाजी शाखा द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा।

भारत विकास परिषद की वीर शिवाजी शाखा द्वारा शास्त्री नगर स्थित भवन में आयोजित 'भारत को जानो' शाखा स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान प्रमाण पत्र और पदक के साथ विजेता विद्यार्थी और शिक्षक.
भारत विकास परिषद की वीर शिवाजी शाखा की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में ज्ञान के साथ गति और सटीकता की भी कड़ी परीक्षा हुई। भारत विकास परिषद भवन, शास्त्री नगर में शाखा स्तरीय प्रतियोगिता उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जहां केबीसी की तर्ज पर हुए विभिन्न राउंड और अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर ने मुकाबले को खास बना दिया।
इससे पहले 31 अगस्त को 17 विद्यालयों में विद्यालय स्तरीय लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें प्रत्येक विद्यालय से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की टीमों का चयन किया गया। इन्हीं चयनित विद्यार्थियों के बीच शाखा स्तरीय प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबला हुआ।
प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 के कनिष्ठ वर्ग और कक्षा 9 से 12 के वरिष्ठ वर्ग में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांतीय प्रभारी सुभाष मोटवानी, शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ना एवं वित्त सचिव दीपक चोरडिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस बार ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में नए सॉफ्टवेयर का उपयोग किया गया, जिससे प्रतियोगिता को नया और आधुनिक स्वरूप मिला। सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रश्न स्वतः प्रदर्शित किए जा रहे थे और प्रतिभागियों के उत्तर भी सिस्टम द्वारा प्रदर्शित किए जा रहे थे। प्रतियोगिता में ऑडियो राउंड, वीडियो राउंड एवं हिंट राउंड सहित विभिन्न चरण आयोजित किए गए। अलग-अलग राउंड में विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक हिस्सा बजर राउंड रहा। नए सिस्टम में प्रतिभागियों द्वारा बजर दबाने का समय एक सेकंड के छठे हिस्से तक रिकॉर्ड किया जा रहा था। कई सवालों पर एक सेकंड के भीतर ही सभी प्रतिभागियों ने बजर दबा दिया। ऐसे में सही उत्तर के साथ गति और सटीकता भी निर्णायक भूमिका में रही। तकनीकी व्यवस्था के कारण मुकाबला अंतिम क्षण तक रोमांचक बना रहा और विद्यार्थियों के साथ उपस्थित दर्शकों में भी उत्साह देखने को मिला।
कनिष्ठ वर्ग में सेंट्रल अकादमी स्कूल, शास्त्री नगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विट्टी इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा। वरिष्ठ वर्ग में कुंभा विद्या निकेतन ने प्रथम और विट्टी इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कुंभा विद्या निकेतन की हंशिका कंवर, मुक्ता व्यास एवं नंदनी लखानी, सेंट्रल अकादमी स्कूल, शास्त्री नगर के दर्शित पंडिया एवं पियूष जाट तथा विट्टी इंटरनेशनल स्कूल के आरव शर्मा, जियांश सोमानी एवं ग्रन्थ डागा शामिल रहे। प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा प्रभारी आदित्य व्यास एवं शुभम जैन ने की।
भारत विकास परिषद की वीर शिवाजी शाखा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपरा, महापुरुषों एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक सामना किया। तकनीक, ज्ञान, गति और सटीकता के समन्वय से आयोजित प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए रोमांच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव बनी।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
