हनुमान भक्तों की आस्था और भक्ति को समर्पित लोकप्रिय वीडियो भजन एलबम ‘मेरी अर्जी सुनो बजरंगबली’ एक बार फिर नए स्वरूप में श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत की गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त भजन गायिका डॉ. सुमन सोनी की मधुर आवाज़ से सजी इस विशेष एलबम का लोकार्पण बालाजी मार्केट स्थित पेच के बालाजी मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पेच के बालाजी मंदिर के पंडित आशुतोष शर्मा तथा अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती अनिता डॉ. अशोक सोडाणी ने संयुक्त रूप से एलबम का विमोचन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे और बालाजी महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम में सुरेश सोनी, कान्ता बी.एल. मेलाणा, डॉ. भागचंद सोमानी, रेणु कोगटा, गीता एवं जगदीश चंद्र मूंदड़ा, रामचंद्र मूंदड़ा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

उल्लेखनीय है कि अब तक 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मान तथा सैकड़ों राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित डॉ. सुमन सोनी की 40 से अधिक वीडियो भजन एलबम पूर्व में प्रदर्शित हो चुकी हैं। इनमें से कई एलबमों ने भक्तों के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल की है। इसी क्रम में बालाजी भक्तों के विशेष आग्रह पर इस चर्चित एलबम को पुनः नवीन रूप में प्रस्तुत किया गया है।

इस भजन एलबम की विशेषता यह है कि इसमें भीलवाड़ा के अनेक प्रसिद्ध बालाजी मंदिरों में लाइव भक्ति गीत रिकॉर्ड किए गए हैं। एलबम में पंचमुखी बालाजी मंदिर, पेच के बालाजी मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर, देवरिया बालाजी मंदिर, क्यारा के हनुमान जी मंदिर, रोकड़िया बालाजी मंदिर, करोड़पति बालाजी मंदिर, ग्यारह मुखी हनुमान मंदिर, सिन्दरी के बालाजी मंदिर, तेजाजी की पाल स्थित बालाजी मंदिर, रेलवे स्टेशन बालाजी मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की भक्ति छवियों को शामिल किया गया है।

एलबम में डॉ. सुमन सोनी ने अपनी सुमधुर आवाज़ में कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी है। इनमें ‘भक्तों ने तुम्हें पुकारा बाबा बजरंगी, हम आए तेरे द्वारे बाबा बजरंगी’, ‘दुनिया में देव हजारों हैं, बजरंग बली का क्या कहना’, ‘मेरे वीर हनुमान तेरे चरणों में प्रणाम, मेरी अर्ज़ी सुनो बजरंग बली’, ‘केसरिया केसरी नंदन है’, ‘बजरंगी की पूजा से सब काम होते हैं’ तथा ‘राम और हनुमान मिले देखो प्यार से’ जैसे भजन प्रमुख हैं।

लोकार्पण समारोह के पश्चात मंदिर के पंडित आशुतोष शर्मा ने डॉ. सुमन सोनी से बालाजी मंदिर में निःशुल्क भजन संध्या आयोजित करने का आग्रह किया। इस पर डॉ. सोनी ने सहर्ष सहमति व्यक्त करते हुए इसे अपना सौभाग्य बताया।

भक्ति, संगीत और आस्था के संगम से सजी यह एलबम एक बार फिर बालाजी भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ने का माध्यम बनेगी। इसके पुनः लोकार्पण को भक्त समुदाय में विशेष महत्व के रूप में देखा जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story