भीलवाड़ा यंग क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित अंडर-16 बीसीए समर कप के खिताबी मुकाबले में बीसीए रेड ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बीसीए ब्लू को 7 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। फाइनल मैच में दिव्यांश जैन की घातक गेंदबाजी और टीम के सामूहिक प्रयासों ने बीसीए रेड को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि अभिनव भारत को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बीसीए ब्लू की टीम निर्धारित 25 ओवरों में 146 रनों का स्कोर ही खड़ा कर सकी। टीम के लिए मयंक केवलिया ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि कमलेश रेगर ने 23 और अजय पाल सिंह ने 18 रनों का योगदान दिया। बीसीए रेड की ओर से गेंदबाज दिव्यांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम के 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा पवित्र जैन ने दो विकेट लिए, वहीं धनंजय सिंह, अभिनव भारत और अथर्व मालू ने एक-एक विकेट लेकर बीसीए ब्लू को बड़े स्कोर तक पहुँचने से रोक दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए रेड की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 19 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 147 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। जीत में राजवीर घावरी ने 36 रन, दिवस जैन ने 33 रन, आदित्य ओझा ने 23 रन और दिव्यांश सुवालका ने 18 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। बीसीए ब्लू की ओर से मयंक केवलिया ने दो और अंश कुमार ने एक विकेट हासिल किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि संपत पायक एवं राजेंद्र भीरानियाँ ने विजेता व उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। आयोजन सचिव त्रिलोक भीरानिया ने बताया कि व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर दिव्यांश जैन को मैन ऑफ द मैच, अभिनव भारत व्यास को मैन ऑफ द सीरीज, दिवस जैन को बेस्ट बैट्समैन, हेनील पायक को बेस्ट बॉलर और आयुष प्रतिहार को बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार दिया गया। हेनील पायक ने तीनों मैचों में शानदार गेंदबाजी के दम पर बेस्ट बॉलर का खिताब अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं के कौशल को निखारने के साथ ही स्थानीय स्तर पर क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित करता है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story