धर्म, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर वातावरण के बीच प्रशांतमती सभागार में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य एवं मंगलमय समापन शोभायात्रा के साथ संपन्न हुआ। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महामुनिराज एवं आर्यिका रत्न स्वस्ति भूषण माताजी के आशीर्वाद तथा अंशु भैयाजी के सानिध्य में अग्रवाल दिगम्बर जैन महिला मंडल, बारां के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम बनकर उभरा।

समापन दिवस पर प्रातःकालीन बेला में भगवान श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा विधिवत संपन्न हुई। इसके पश्चात नित्य पूजन और जिनवाणी मैया की आराधना की गई। कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने उनके प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।

महिला मंडल अध्यक्ष विमला जैन एवं मंत्री मंजू जैन ने बताया कि विश्व में सुख, समृद्धि और शांति की मंगलकामना के साथ विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया। महायज्ञ में यज्ञ नायक अंकुर जैन-सोनम, महायज्ञ नायक महावीर जैन-कृष्णा, सौधर्म इंद्र ओमप्रकाश-बिमला जैन तथा कुबेर इंद्र राजेंद्र जैन-ज्योति सहित सभी इंद्र-इंद्राणियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य यज्ञवेदी में पवित्र आहुतियां अर्पित कीं।

महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद जयघोष और धार्मिक उद्घोषों के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कलश पुण्यार्जक श्रावक-श्राविकाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रहे थे। रजत पालकी में विराजित श्रीजी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती कर भगवान श्रीजी की अगवानी की।

इससे पूर्व आयोजन की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले खंडेलवाल दिगम्बर जैन पंचायत एवं अग्रवाल दिगम्बर जैन पंचायत के पदाधिकारियों का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर तिलक एवं माल्यार्पण के साथ सम्मान किया गया। साथ ही अग्रवाल युवा मंडल के राकेश जैन, पंकज जैन, ईशान जैन, अंकित जैन, अंकुर गर्ग, नकुल गोयल, नितिन जैन, अरविंद जैन तथा रौनक गर्ग सहित सभी सहयोगी संस्थाओं और बाहर से पधारे धर्मप्रेमी बंधुओं का शाल, पटका एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया।

अग्रवाल पंचायत के संरक्षक राजेंद्र जैन, अध्यक्ष मुकेश जैन तथा महिला मंडल के पदाधिकारियों सहित मंजू गर्ग ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, संस्थाओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और विश्व शांति के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन नगर में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story