जिले के सुवाणा क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री के बाहर पुरानी रंजिश और अवैध वसूली के विवाद में महिला को कार से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बंटी छीपा को हिरासत में लिया है। पुलिस थाने में उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

मृतका लाली देवी लोहार के बेटे किशन लोहार ने बताया था कि आरोपियों का उनके परिवार से किराए की गाड़ी को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद की आड़ में आरोपी परिवार से 5 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहे थे। मांग पूरी करने से इनकार करने पर आरोपियों ने घर पर हथियार लहराकर परिवार में खौफ पैदा किया था। इसके चलते पीड़ित परिवार को अपना गांव, मकान और प्लॉट छोड़कर भीलवाड़ा शिफ्ट होना पड़ा। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ माह पूर्व आरोपियों ने उसकी पत्नी के जेवर भी छीन लिए थे।

घटना के समय किशन लोहार सुवाणा स्थित फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कार लेकर फैक्ट्री पहुंचे। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर लाली देवी खड़ी थीं। आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर कार को आगे-पीछे करते हुए महिला पर दो बार चढ़ा दिया। गंभीर रूप से कुचले जाने से लाली देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर वाहन सहित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर बंटी छीपा और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

मुख्य आरोपी बंटी छीपा को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की तलाश के साथ हत्या में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है। मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की संभावना है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story