बनेड़ा थाना क्षेत्र के बबराणा गांव में 14 अगस्त की मध्यरात्रि हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नारू पुत्र मदन कंजर निवासी आरजिया, मांडल है, जिसे पुलिस मांडल थाने का पुराना हिस्ट्रीशीटर बता रही है।

पुलिस के अनुसार, चोरों ने भंवर लाल पुत्र देवी लाल दरोगा के घर को निशाना बनाया था। परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर कमरे के ताले तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व बक्सों में रखा सामान चोरी कर ले गए।

वारदात में करीब सवा दो तोले सोने के आभूषण चोरी हुए थे। इनमें रखड़ी, चार मांदलिया और मटकियां शामिल हैं। इसके अलावा 650 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 5,700 रुपये नकद भी चोरी किए गए थे।

मामला दर्ज होने के बाद बनेड़ा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल गिरोह के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story