बड़ा महुआ गांव में दिनदहाड़े चोरी, सूने मकान से नकदी और जेवरात पार
रेवा शंकर शर्मा के परिवार के जीमण में जाने पर चोरों ने एक घंटे में वारदात को अंजाम दिया, ग्रामीणों में बढ़ा रोष।

जिले में चोर-बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब बदमाश दिनदहाड़े भी वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। सदर थाना क्षेत्र के बड़ा महुआ गांव में सोमवार दोपहर बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए महज एक घंटे के भीतर नकदी और सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ नजदीकी गांव में जीमण कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था।
सदर थाना पुलिस के अनुसार बड़ा महुआ निवासी रेवा शंकर पुत्र बंशीलाल शर्मा सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ साकरिया गांव में आयोजित जीमण में शामिल होने गए थे। परिवार के बाहर जाने के कारण मकान पूरी तरह सूना पड़ा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे चोरों ने मौके का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और तिजोरी के ताले चटकाए। बदमाश करीब 10 हजार रुपये की नकदी, सोने की चेन, कान की झुमकी, मांदलिया, कड़ा और चांदी की पायजेब सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात को चोरों ने महज एक घंटे के भीतर अंजाम दिया।
दोपहर करीब 12:05 बजे जब रेवा शंकर शर्मा अपने परिवार के साथ जीमण से लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। घर के भीतर पहुंचते ही सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा दिखाई दिया। अलमारी और तिजोरी की जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। घटना का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित परिवार ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। हुलिए और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात के बाद बड़ा महुआ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
