सूना मकान बना चोरों का निशाना, 15 हजार नकद और चांदी के जेवर चोरी
बबराणा गांव में सूने मकान के ताले तोड़कर 15 हजार नकद और चांदी के जेवर चोरी हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तस्वीर में बबराणा गांव के सूने मकान का एक कमरा दिख रहा है, जहां सामान और कपड़े बिखरे पड़े हैं तथा अलमारी खुली हुई है।
बनेड़ा थाना सर्किल के बबराणा गांव में चोरों ने एक सूने मकान के दोनों कमरों के ताले तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की नकदी और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात का पता पड़ोसी के फोन करने पर चला, जिसके बाद मकान मालकिन अहमदाबाद से गांव पहुंचीं। घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बबराणा गांव के तेजाजी चौक के पास रहने वाली भगवती देवी पत्नी कैलाश सेन पिछले कुछ दिनों से अपने पुत्र से मिलने अहमदाबाद गई हुई थीं। 20 अगस्त की शाम पड़ोसी ने उन्हें फोन कर बताया कि मकान के दोनों कमरों के ताले टूटे हुए हैं और घर का सामान बिखरा पड़ा है।
सूचना मिलते ही भगवती देवी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद से गांव पहुंचीं। मकान में प्रवेश करने पर दोनों कमरों के ताले टूटे मिले। आलमारी और बक्से खुले पड़े थे तथा सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर करीब 15 हजार रुपये की नकदी, 100 ग्राम की चांदी की पायजेब की जोड़ी और दो जोड़ी बिछिया गायब मिलीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। भगवती देवी सेन ने शुक्रवार को थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब चोरों की तलाश में जुटी है।
सूने मकान में हुई इस चोरी की वारदात से गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस के सामने अज्ञात चोरों का पता लगाने की चुनौती है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
