वर्दी पर हमला: रोडवेज बस स्टैंड पर अतिक्रमण रोकने गई पुलिस से धक्कामुक्की, एएसआई की वर्दी की डोरी तोड़ी
भीलवाड़ा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रोडवेज बस स्टैंड के बाहर ट्रैफिक एएसआई से धक्का-मुक्की और वर्दी की डोरी तोड़ने की घटना सामने आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भीलवाड़ा।
शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के साथ खुलेआम अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। पहले से हटाए गए अतिक्रमण को दोबारा जमाने की कोशिश कर रहे व्यक्ति ने रोकने पर न केवल हंगामा किया, बल्कि सहायक उप निरीक्षक की वर्दी की डोरी तक खींच ली, जिससे मौके पर तनावपूर्ण हालात बन गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर दो दिन पहले रोडवेज बस स्टैंड के प्रवेश द्वार से ठेलों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया था, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके। मंगलवार को उसी स्थान पर एक अतिक्रमी अपने परिजनों के साथ पहुंचा और दोबारा ठेला लगाने का प्रयास करने लगा।
घटना के समय मिलन तिराहा ट्रैफिक पॉइंट पर तैनात सहायक उप निरीक्षक कमलेश कुमार और कांस्टेबल सचिन चौधरी ने जब उसे रोका और समझाइश की, तो अतिक्रमी और उसके साथ मौजूद लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और अतिक्रमी ने एएसआई कमलेश कुमार के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनकी वर्दी की विशल डोरी खींच ली। वर्दीधारी पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले से आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई और कुछ ही देर में बड़ी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। सहायक उप निरीक्षक कमलेश कुमार ने महेंद्र सहित अन्य लोगों के खिलाफ सुभाष नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाने का स्पष्ट संकेत भी देती है।
- भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिस से धक्का मुक्कीभीलवाड़ा अतिक्रमण कार्रवाई में वर्दी पर हमलाट्रैफिक एएसआई से अभद्रता भीलवाड़ारोडवेज बस स्टैंड अतिक्रमण विवाद भीलवाड़ाभीलवाड़ा पुलिस वर्दी पर हमला मामलाencroachment clash with traffic police in BhilwaraBhilwara roadways bus stand encroachment newsattack on police uniform Bhilwara Rajasthantraffic ASI assaulted during encroachment driveBhilwara police action on encroachers

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
