भीलवाड़ा जिले के गंगापुर क्षेत्र में आंगनबाड़ी में कार्यरत आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को उपखण्ड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अखिल राजस्थान आशा सहयोगिनी कर्मचारी संघ के बैनर तले संघ की अध्यक्ष टीना शर्मा के नेतृत्व में आशा सहयोगिनियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आशा सहयोगिनियों ने मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन का प्रावधान लागू करने तथा एकमुश्त पांच लाख रुपये की योजना शुरू करने की मांग भी की गई। उन्होंने चिकित्सा विभाग में समायोजन के बाद चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों द्वारा की जाने वाली उपेक्षा पर रोक लगाने की भी मांग रखी।



आशा सहयोगिनियों ने ज्ञापन में नियमित कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य कराए जाने से होने वाले शोषण को रोकने और ऐसे अतिरिक्त कार्यों के लिए मानदेय बढ़ाने की मांग की। उन्होंने आशा सॉफ्ट का भुगतान किश्तों में करने के बजाय एकमुश्त करने तथा प्रत्येक माह की पांच तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आशा सहयोगिनियों से आशा ऑनलाइन के नाम पर विभिन्न एप से संबंधित कार्य बिना प्रशिक्षण के नहीं कराए जाएं। इसके अलावा आशा सहयोगिनियों को स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल रही।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विमला सुवालका, लीला लौहार, नौशाद बानो, ममता माली, चंदा तंवर, मदीना बेगम, कंकु राणवा, कैलाशी माली, कमला बैरवा, ललिता शर्मा, चंदा शर्मा सहित समस्त आशा सहयोगिनियां मौजूद रहीं। विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा गया यह ज्ञापन अब मुख्यमंत्री के समक्ष विचारार्थ भेजा जाएगा।

Next Story