भीलवाड़ा। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) भीलवाड़ा की टीम ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक सटीक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-48 पर भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया। पुख्ता सूचना के आधार पर पुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एएनटीएफ ने दो लग्जरी कारों से कुल 414 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया। इस कार्रवाई में पंजाब के अरुण सिंह (20) पुत्र बलविंद सिंह, निवासी जगराव, जिला लुधियाना को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को निरुद्ध किया गया और तीसरा आरोपी फरार हो गया।

झाड़ियों में छिपकर की गई निगरानी

एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ की ओर से दो कारें—एक स्कॉर्पियो और एक ओरा—आगे-पीछे चल रही हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरकर पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ चौकी प्रभारी अयुब खां के नेतृत्व में टीम रणनीतिक रूप से हाईवे किनारे झाड़ियों में छिपकर तस्करों का इंतजार करने लगी।

स्टॉप स्टिक से घेरा, भारी खेप जब्त

हाईवे पर संदिग्ध स्कॉर्पियो और बिना नंबर की ओरा कार दिखाई देने पर एएनटीएफ टीम ने 'स्टॉप स्टिक' की मदद से वाहनों को चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी में दोनों वाहनों से लगभग 414 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। स्कॉर्पियो और बिना नंबर की ओरा कार को मौके से जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने गिरफ्तार अरुण सिंह और निरुद्ध आरोपी से पूछताछ की, जिसमें तस्करों ने स्वीकार किया कि यह खेप चित्तौड़गढ़ से भरकर पंजाब ले जाई जा रही थी। फरार आरोपी का नाम करमजीत सिंह बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कन्हैयालाल, एएनटीएफ चौकी प्रभारी अयुब खां, एएसआई जमना लाल, आजाद सिंह, विक्रम सिंह और चालक मनोज कुमार की मुख्य भूमिका रही।

पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है, जिससे राज्य और पड़ोसी प्रदेशों में मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम को मजबूत किया जा सके।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story