गंगापुर, भीलवाड़ा। रायपुर उपखंड मुख्यालय पर शुक्रवार सुबह 12 बजे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी 07 सूत्री मांगों को लेकर पांच दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू करते हुए उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सभी कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी की और उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी करुणा लाड़ौती को ज्ञापन सौंपा।

अखिल राजस्थान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त विकास संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने लगातार एक घंटे तक नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। नारेबाजी की गूंज के बीच उपखंड अधिकारी करुणा लाड़ौती स्वयं कार्यालय के बाहर आईं और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने सभी मांगों को आगे भिजवाने तथा सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही रेखा वैष्णव ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों पर तुरंत निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में जिला स्तर पर इससे भी बड़ा उग्र प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

फ़िरोज़ा बानू ने कहा कि उनका मानदेय कम से कम 35,000 रुपये होना चाहिए। उन्होंने कहा, "10,000 रुपए में आज के समय में क्या होता है।"

संघर्ष समिति की ओर से उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम सौंपे गए सात सूत्रीय मांग पत्र में राजस्थान की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को स्थाई सरकारी कर्मचारी घोषित करने की मांग की गई। जब तक नियमितीकरण की नीति लागू नहीं होती, तब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 25,000 के स्थान पर 35,000 रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं को 25,000 रुपये प्रतिमाह का सम्मानजनक मानदेय निर्धारित कर प्रत्येक माह समयबद्ध भुगतान किए जाने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में राजधारा सर्वे, RAJ SIMS ऐप, उड़ान योजना और सेनेटरी नैपकिन वितरण जैसे गैर-आईसीडीएस कार्यों को तत्काल बंद करने की मांग की गई, ताकि कार्यकर्ता अपने मूल दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद प्रत्येक कार्यकर्ता एवं सहायिका को कम से कम 10 लाख रुपये की एकमुश्त सम्मान राशि और मासिक पेंशन लागू करने की मांग भी शामिल रही। प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को विभागीय कार्यों के लिए 5G डेटा सुविधा के साथ नया स्मार्टफोन या टैबलेट उपलब्ध करवाने की मांग भी मांग पत्र में रखी गई।

इसके बाद सभी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपखंड कार्यालय से रैली के रूप में रायपुर बस स्टैंड होते हुए बाल परियोजना कार्यालय, रायपुर पहुंचीं। वहां प्रशासनिक अधिकारी सूर्यभान सिंह चुण्डावत को भी ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मांगों को जल्द से जल्द आगे तक पहुंचाकर पूरा कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कार्यक्रम में फिरोजा बानू, रेखा वैष्णव, गुलशन बानू, कृष्णा शर्मा, यशोदा पारीक, शारदा जीनगर, सीता जाट सहित सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Next Story