भीलवाड़ा में एएमपी द्वारा छात्रों के लिए करियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित
मदरसा रिजविया में आयोजित इस सेमिनार में वरिष्ठ पत्रकार चांद मोहम्मद शेख छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी देंगे।

भीलवाड़ा के मदरसा रिजविया में 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले करियर गाइडेंस सेमिनार का आधिकारिक पोस्टर, जिसमें कार्यक्रम के समय और स्थान का विवरण दिया गया है।
एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल ऑफ इन्डिया द्वारा रविवार को 9,10,11,12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन मदरसा रिजविया, हुसैन कॉलोनी शास्त्री नगर भीलवाड़ा में सुबह 11 बजे से किया जाएगा।
सेमिनार के मुख्य वक्ता जनाब चांद मोहम्मद शेख, वरिष्ठ पत्रकार, राजस्थान पत्रिका जयपुर एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी एएमपी होंगे। कार्यक्रम में अन्य स्थानीय विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो स्कूल एवं कॉलेज शिक्षा के विभिन्न विषयों, उपलब्ध व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्रों तथा रोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे।
एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल ऑफ इन्डिया पूरे भारतवर्ष में समाज के उत्थान के लिए विभिन्न राज्यों में कार्य कर रही है, जिसका मुख्यालय मुम्बई में स्थित है। संस्था द्वारा मुख्य रूप से स्कूल डेवलपमेंट प्रोग्राम, नेशनल टैलेंट सर्च कार्यक्रम, रोजगार हेतु मार्गदर्शन एवं सहायता, रोजगार मेलों का आयोजन, ऑनलाइन जकात एकत्रित कर जरूरतमंद और योग्य व्यक्तियों तक ऑनलाइन ही पहुंचाना, जरूरतमंद होनहार बच्चों को स्कूल फीस हेतु ऑनलाइन सहायता प्रदान करना तथा रमजान माह में राशन किट वितरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
भीलवाड़ा शहर में भी संस्था के कार्यों का विस्तार किया जा रहा है। मोहम्मद हनीफ, चेयरमेन सोशियल वेल्फेयर सोसायटी ने बताया कि सोसायटी स्थानीय स्तर पर इस एसोसिएशन के साथ जुड़कर समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से कर रही है। वहीं सोसायटी के सचिव मोहम्मद एजाज ने बताया कि सेमिनार की सफलता के लिए टीम लगातार कार्य कर रही है तथा आसपास के स्कूलों में संपर्क कर छात्रों को सेमिनार में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया है। साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी निरंतर संपर्क किया जा रहा है।
डा फरियाद मोहम्मद, एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल ऑफ इन्डिया, भीलवाड़ा चैप्टर ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है, जो उन्हें शिक्षा और रोजगार के प्रति सही मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
