मांडल में अंबेडकर भवन का नाम बदलने और राष्ट्रपति के अपमान पर आक्रोश
भीलवाड़ा की मांडल तहसील में सामुदायिक भवन का नाम बदलने और पुलिस अधिकारी द्वारा राष्ट्रपति पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में बहुजन समाज ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट के बाहर मांडल में सामुदायिक भवन का नाम बदलने और पुलिस उपाधीक्षक राहुल जोशी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में ज्ञापन सौंपते बहुजन समाज के प्रतिनिधि।
भीलवाड़ा, 05 मार्च 2026: मांडल तहसील भीलवाड़ा में स्थित ’बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन’ के नाम को बदलने की साजिश और पुलिस अधिकारी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के प्रति अभद्र टिप्पणी को लेकर भीलवाड़ा के बहुजन समाज में गहरा रोष व्याप्त है। आज इस संबंध में रामेश्वर बैरवा जोन प्रभारी, जिला संयोजक मोतीलाल सिंघानिया और जिलाध्यक्ष पंकज डीडवानियां के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। जिसकी प्रतिलिपि राज्यपाल महोदय राजस्थान, मुख्यमंत्री महोदय राजस्थान सरकार एवं प्रमुख सचिव महोदय राजस्थान सरकार जयपुर को भी भेजी गई।
सामुदायिक भवन के अस्तित्व पर संकट और स्थानीय विरोध
जिला संयोजक मोतीलाल सिंघानिया ने बताया कि मांडल के वार्ड नंबर 16 में स्थित बहुजन समाज के एकमात्र सामाजिक केंद्र ’डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन’ को कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा द्वेषवश ’आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना या वैधानिक प्रक्रिया के भवन पर शिलालेख लगा दिए गए, जिसे समाज ने अपनी पहचान पर हमला बताया है। सामुदायिक भवन के नाम और स्वरूप के साथ कोई छेड़छाड़ न की जाए और भवन का संचालन स्थानीय अंबेडकर समिति के सुपुर्द किया जाए।
पुलिस अधिकारी द्वारा राष्ट्रपति का अपमान और अभद्रता
जिलाध्यक्ष पंकज डीडवानियां ने बताया कि मामले ने तब तूल पकड़ा जब विरोध कर रहे नागरिकों के साथ पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी) राहुल जी जोशी ने न केवल अभद्रता की, बल्कि कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। अधिकारी ने देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुँचाते हुए कहा - "चुप रहो तुम कौनसे राष्ट्रपति हो, मैं डिप्टी हूँ, कुछ भी कर सकता हूँ।" आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष हीरालाल बैरवा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने इसे सत्ता का दुरुपयोग और वर्दी का रौब दिखाकर डराने-धमकाने का कृत्य करार दिया है। महामहिम राष्ट्रपति का अपमान करने वाले पुलिस उपाधीक्षक राहुल जोशी को तुरंत निलंबित कर उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सात दिन का अल्टीमेटम और उग्र आंदोलन की चेतावनी
रामेश्वर बैरवा जोन प्रभारी बसपा ने बताया कि यदि 7 दिनों के भीतर दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो भीलवाड़ा जिले का समस्त बहुजन समाज उग्र आंदोलन, चक्का जाम और भूख हड़ताल के लिए विवश होगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष किशन कीर, लोकेश मेघवंशी, राजेन्द्र बैरवा, देवेन्द्र जोशी, सोहन बैरवा, भैरूलाल गंधर्व, रतनलाल बैरवा, श्यामलाल, रमेश चन्द्र, सोनू रेगर, गोपाल गुलमण्डी, गोपाल आर.के., सत्यनारायण कोली, डालचन्द कोली, घनश्याम लोट, कैलाश राव, पवन बैरवा, धन्ना बलाई, पप्पू लाल रेगर, मनीष रेगर, गोपाल बैरवा, कन्हैयालाल बैरवा सहित समाजजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
