भीलवाड़ा: अक्षय सेवा संस्था ने वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मनाया स्थापना दिवस
हरनी महादेव स्थित ओम शांति वृद्धाश्रम के 35 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और नियमित जांच का संकल्प लिया गया।

भीलवाड़ा के ओम शांति वृद्धाश्रम में आयोजित मेडिकल कैंप के दौरान वृद्ध महिला के स्वास्थ्य की जांच करते डॉ. ऋषी टेलर और उपस्थित संस्था के सदस्य।
भीलवाड़ा में अक्षय सेवा संस्था ने अपने पांचवें स्थापना दिवस को सेवा और समर्पण के अनूठे उदाहरण के रूप में मनाते हुए हरनी महादेव के आगे स्थित ॐ शांति वृद्धा आश्रम में निवासरत 35 वृद्धजनों का मेडिकल चेकअप आयोजित किया। इस पहल के तहत बी.पी., शुगर और जनरल हेल्थ जांच कर आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष पवन कुमार नागौरी ने बताया कि संस्था के सदस्य एवं आर वी आर एस मेडिकल कॉलेज के सह-आचार्य डॉ ऋषी टेलर द्वारा सभी वृद्धजनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संस्था द्वारा प्रत्येक माह के तीसरे गुरुवार को इसी वृद्धाश्रम में अनुभवी मेडिकल टीम के माध्यम से नियमित चेकअप, आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
संस्था के मुख्य संरक्षक चंद्र देव आर्य और सचिव सुनील व्यास ने संस्था की पांच वर्षों की सेवा यात्रा का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि महात्मा गांधी चिकित्सालय में 400 केवीए का ओटो पैनल डीजी सेट नॉर्थ अमेरिका ग्रुप भीलवाड़ा के सहयोग से दान स्वरूप भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त वस्त्र व्यापार मित्र मंडल के सहयोग से कोरोना काल में पेशेंट ट्रॉली, व्हील चेयर और ऑक्सीजन सिलेंडर स्टैंड प्रदान किए गए। पिछले चार वर्षों से भीषण गर्मी के दौरान लौटे गिलास के माध्यम से कतार में खड़े मरीजों और उनके परिजनों को लगभग तीन माह तक नियमित रूप से पानी पिलाने की सेवा भी की गई।
संस्था द्वारा अब तक चार वृहद नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 600 मरीजों के निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किए गए। साथ ही पिछले तीन वर्षों में क्लब-फुट (जन्मजात विकृति) से पीड़ित 65 रोगियों को क्लब फुट श्यू उपलब्ध कराए गए।
संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा लीला शर्मा ने जानकारी दी कि होटल नंदनी में वार्षिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी वर्ष के जनसेवा कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया तथा नए सदस्यों को जोड़ने का प्रस्ताव पारित हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया।
कोषाध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी ने संस्था के अब तक के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी निलेश शर्मा, मनीषा बाकलीवाल, डॉ पायल टेलर, बलराज शर्मा, राजकुमार शर्मा, राधे श्याम पत्रियां, लोकेश शर्मा, योगेश शर्मा, वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल संस्था की पांच वर्षों की सतत सेवा यात्रा का प्रतीक रहा, बल्कि समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर वृद्धजनों के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी मजबूती से रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
