हाड़ौती संभाग के सामाजिक और शैक्षणिक इतिहास में 1 मार्च 2026 का दिन एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। ऐरवाल समाज द्वारा संभाग के पहले और विशाल सामुदायिक भवन व छात्रावास का भव्य शिलान्यास समारोह कोटा के थेकड़ा स्थित भेरुजी स्थान पर आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक परियोजना की आधारशिला देश के माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों द्वारा रखी जाएगी, जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रभारी जगदीश सूर्यवंशी उपस्थित रहेंगे।

शैक्षणिक एकता और सामाजिक विकास का प्रतीक

महासभा के प्रदेश महामंत्री महावीर ऐरवाल (बूंदी) ने परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "यह भवन केवल एक संरचना नहीं बल्कि समाज की शैक्षणिक और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है। यह विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। भविष्य में यह केंद्र सामाजिक आयोजनों, प्रशिक्षण शिविरों और सेमिनार के लिए प्रमुख स्थल बनेगा।"

भव्य आयोजन और राजस्थान भर से समाज का जुटान

मीडिया प्रभारी जीवन ऐरवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए जानकारी दी कि यह पूरा कार्यक्रम सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक चलेगा। कोटा के थेकड़ा स्थित भेरुजी स्थान पर जुटने वाले इस आयोजन में कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ सहित भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, टोंक और अजमेर जैसे कई जिलों से हजारों की संख्या में समाज बंधु भाग लेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरक संबोधन और समाज संवाद के विभिन्न सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रतिभाओं और भामाशाहों का होगा भव्य सम्मान

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जुगल सर ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण 'प्रतिभा सम्मान' रहेगा। इसके अंतर्गत शिक्षा, खेल, प्रशासन, चिकित्सा और तकनीकी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं के साथ-साथ समाज हित में योगदान देने वाले शीर्ष भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रेरित करना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ाना है।

आयोजन समिति की तैयारियां और अपील

आयोजन समिति ने दूर-दराज से आने वाले अतिथियों के लिए भोजन, जलपान और ठहरने की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की है। आयोजन समिति एवं ऐरवाल समाज महासभा ने सभी समाज बंधुओं से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर एकता और विकास का संदेश देने की अपील की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story