गंगापुर में अग्रसेन महोत्सव का आगाज, चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का दौर शुरू
गंगापुर में चार दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत खेलकूद और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हो गया है, जिसमें विभिन्न खेल खेले जा रहे हैं।

गंगापुर के अग्रसेन भवन में आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव के दौरान आरती के बाद उपस्थित समाज के लोग।
अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत गंगापुर नगर में चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन गुरुवार से शुरू हो गया। अग्रवाल समाज के सचिव ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि अग्रसेन भवन में अग्रसेन महाराज की आरती के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। इसके बाद समाज के बालक-बालिकाओं, महिलाओं और युवकों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
गुरुवार को बालक-बालिकाओं के लिए कार्ड शीट रेस, टिप-टिप बरसा पानी और लंगड़ी टांग प्रतियोगिताएं हुईं। महिलाओं के लिए कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना तथा अनाज से सिक्का निकालो प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं युवकों के लिए बोरा रेस और बिंदी लगाओ प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को महोत्सव के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
सचिव ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 9 अक्टूबर को वॉलीबॉल, तीन टांग दौड़, दम लगाकर हईशा, पनघट क्वीन और लक्की चेयर रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। 10 अक्टूबर को वॉलीबॉल, लक्की डाइस पार्सल गेम, बूझो और खोजों, किसकी फूंख में है दम, मोबाइल हाउस तथा तीली जलाओ चूड़ी पहनाओ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 11 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे नगर में भगवान अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम 5.30 बजे महोत्सव का समापन होगा और विजेताओं का पारितोषिक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अग्रसेन महाराज की आरती के दौरान समाज के ओमप्रकाश अग्रवाल, देवीचरण मित्तल, सूरेश लोहिया, राजाराम लोहिया, शिवशंकर अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र बंसल, अखिल अग्रवाल सहित महिला एवं पुरुष मौजूद थे। महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं और आगामी शोभायात्रा को लेकर अग्रवाल समाज के आयोजन का क्रम 11 अक्टूबर को समापन एवं पारितोषिक वितरण के साथ पूरा होगा।

