आचार्य रामदयालजी महाराज के 71वें अवतरण दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, रामस्नेही चिकित्सालय के लिए 21 करोड़ की घोषणा
आचार्य रामदयालजी महाराज के 71वें अवतरण दिवस पर भीलवाड़ा के रामद्वारा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। चिकित्सालय के लिए 21 करोड़ की घोषणा हुई।

तस्वीर में शाहपुरा में रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर आचार्य रामदयाल महाराज का अवतरण दिवस मनाते श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज के 71वें अवतरण दिवस पर शनिवार को माणिक्यनगर स्थित रामद्वारा में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास के तहत आचार्यश्री के रामस्नेही चिकित्सालय एवं रामस्नेही सम्प्रदाय के संयुक्त तत्वावधान में अवतरण दिवस समारोह आनंद उत्सव के रूप में मनाया गया। आचार्यश्री के चरणों में श्रद्धा और भावों के पुष्प अर्पित करने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु भीलवाड़ा पहुंचे।
अवतरण दिवस पर भक्ति का ऐसा माहौल रहा कि विशाल रामद्वारा प्रांगण भी छोटा प्रतीत हो रहा था। आचार्यश्री का आशीर्वाद पाने के लिए सांसद, विधायक सहित समाज के हर वर्ग के लोग पहुंचे। आयोजन के प्रारंभ में श्रद्धालु आचार्यश्री को उनके निवास स्थल से भजनों की धुन और पुष्प वर्षा के बीच व्यास पीठ तक लेकर पहुंचे।
इसके बाद आचार्यश्री की आज्ञा से वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को रामस्नेही सम्प्रदाय, महाप्रभु स्वामी रामचरण महाराज, आचार्य रामदयाल महाराज के जन्मोत्सव, शिक्षा, दीक्षा आदि के बारे में जानकारी दी गई।
अवतरण दिवस पर आचार्य रामदयाल महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि जन्मदिवस जिंदगी का एक वर्ष कम होने पर आत्मचिंतन का अवसर होता है। राष्ट्र धर्म और आत्मकल्याण के लिए हम अब भी 17 वर्ष की उम्र वाली शक्ति रखते हैं। धर्म और राष्ट्र श्रद्धा के विषय हैं, इनमें तर्क नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अवसर हमारे लिए भीतर से जागृत होने का है। राष्ट्र और राम के लिए समर्पित रहें और ‘‘जीयो और जीने दो’’ की भावना हमेशा हमारे अंदर रहनी चाहिए।
आचार्यश्री ने इस अवसर पर रामस्नेही चिकित्सालय को सेवा का मंदिर बताते हुए कहा कि गत 25 वर्ष से यह निरन्तर मानव सेवा के लिए समर्पित है और यहां आने वाले हर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान आए, इसी भावना से सेवाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने चिकित्सालय में अत्याधुनिक उपकरण एवं मशीनों के लिए 21 करोड़ रूपए उपलब्ध कराने की घोषणा की।
भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने आचार्यश्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आचार्यश्री का 71वां प्राकट्योत्सव मना रहे हैं। आचार्यश्री ने भक्ति के साथ सेवा के प्रकल्प जोड़कर सामाजिक चेतना और सम्पूर्ण समाज की सेवा का जो उपक्रम किया, वह सराहनीय है।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि आचार्यश्री का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। आपकी वाणी ओजस्वी एवं क्रांतिकारी होने के साथ आपके वचनों से आनंद की अनुभूति होती है।
रामस्नेही चिकित्सालय प्रबंध समिति के सचिव रतन दरगड़ ने आचार्य रामदयालजी महाराज की प्रेरणा से रामस्नेही चिकित्सालय की स्थापना किस तरह हुई और 25 वर्ष में चिकित्सालय ने मानव सेवा के क्षेत्र में किस तरह सेवाएं दीं, इसकी जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बताया।
समारोह में संत प्रीतमराम महाराज सहित कई श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से आचार्यश्री के प्रति अपने मन की भावना व्यक्त की। समारोह का संचालन रामस्नेही सम्प्रदाय के प्रखर वक्ता संत मनोरथरामजी आलोट एवं रतन दरगड़ ने किया।
समारोह में शामिल होने के लिए इन्दौर, अहमदाबाद, जयपुर, दिल्ली, जोधपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, शाहपुरा, निम्बाहेड़ा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। आचार्यश्री के अवतरण दिवस पर उनका आशीर्वाद पाने के लिए रामद्वारा परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।
इससे पूर्व शुक्रवार रात रामद्वारा धाम में आचार्यश्री के सानिध्य में भजन संध्या आयोजित हुई। इसमें कई श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से राम गुरू की भक्ति की और माहौल भक्ति रस से सराबोर हो गया।
आचार्य श्री के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में रामस्नेही चिकित्सालय में शनिवार को निःशुल्क परामर्श भी दिया गया। इस दौरान 810 रोगियों को निःशुल्क परामर्श प्राप्त हुआ।
आचार्य रामदयालजी महाराज के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास के तीन दिवसीय विशेष आयोजन के अंतिम दिन रविवार 27 सितम्बर को माणिक्यनगर रामद्वारा धाम में सुबह 9 बजे से विराट संत सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों और धर्मस्थलों के संत महात्मा पहुंचेंगे। इसी दिन दोपहर 2 बजे एक पखवाड़ा चलने वाले वाणीजी के सामूहिक पाठ का शुभारंभ होगा। वाणीजी का सामूहिक पाठ 28 सितम्बर से नियमित होगा।
अवतरण दिवस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भागीदारी, रामस्नेही चिकित्सालय के लिए 21 करोड़ रुपए की घोषणा और 810 रोगियों को निःशुल्क परामर्श इस आयोजन के प्रमुख बिंदु रहे।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
