भीलवाड़ा में अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज के वर्ष 2026 के पावन ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास का शुभारंभ रविवार 19 जुलाई को मंगलमय पधरावणी के साथ होगा। दस वर्ष बाद भीलवाड़ा की पुण्यधरा पर माणिक्यनगर रामद्वारा में हो रहे इस चातुर्मास को लेकर सर्व समाज के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और भीलवाड़ावासी आचार्यश्री के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के तत्वावधान में चातुर्मास प्रवेश को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आचार्यश्री की चातुर्मासिक मंगलमय पधरावणी (प्रवेश) 19 जुलाई को सुबह 8.30 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पहले आचार्यश्री की चातुर्मास के लिए भावपूर्ण अगवानी की जाएगी।

इसके बाद स्टेशन चौराहे पर शंखनाद के साथ वैदिक मंत्रोच्चार से मंगलाचरण किया जाएगा। सर्व समाज के श्रद्धालुओं द्वारा आचार्य श्रीरामदयालजी महाराज की महाआरती के बाद शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी, घोड़े, उंट के साथ छत्र चंवर और शाही लवाजमा रहेगा।

शोभायात्रा मार्ग पर 108 स्वागत द्वार बनाए गए हैं। इस दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की जाएगी। महाकाल आरती की प्रस्तुति देने वाला दल शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहेगा। पूरे मार्ग पर स्वागत के लिए जगह-जगह आकर्षक रंगोलियां सजाई जाएंगी।

शोभायात्रा रेलवे स्टेशन रोड स्थित गजाधर मानसिंहका धर्मशाला से प्रारंभ होकर सरकारी दरवाजा, गोल प्याउ, बालाजी मार्केट, सूचना केन्द्र चौराहा, गांधी बाजार, भीमगंज थाना चौराहा, माणिक्यनगर होते हुए रामद्वारा पहुंचकर सम्पन्न होगी। देशभर से रामस्नेही सम्प्रदाय के श्रद्धालु इस शोभायात्रा में शामिल होंगे।

शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए हैं और शहर में कई स्थानों पर आचार्यश्री के अभिनंदन के होर्डिंग बैनर लगाए गए हैं। चातुर्मास को सफल बनाने और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपने के लिए विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के तत्वावधान में विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। सभी समितियों के सदस्य सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में समर्पित भाव से जुट गए हैं।

चातुर्मास में प्रभु भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न आयोजन होंगे। आचार्यश्री रामदयालजी महाराज के सानिध्य में धर्म एवं सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित होगी। चातुर्मासकाल में प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक रामधुनी के साथ सुबह 8 से 8.30 बजे तक वाणीजी का पाठ होगा। प्रवचन प्रतिदिन सुबह 8.30 से 9.30 बजे तक होंगे। सूर्यास्त के समय संध्या आरती होगी।

गुरू पूर्णिमा महोत्सव 29 जुलाई को मनाया जाएगा। चातुर्मास में 13 से 20 सितम्बर तक पूज्य वाणीजी प्रवचन सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक एवं भागवत ज्ञान महोत्सव दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक मनाया जाएगा। आचार्यश्री अवतरण महोत्सव पर आध्यात्मिक कार्यक्रम 25 सितम्बर रात 8 बजे होगा और आचार्यश्री अवतरण आनंदोत्सव 26 सितम्बर को सुबह 8.30 बजे से मनाया जाएगा।

पंचमी गोटकाजी की शोभायात्रा 15 अक्टूबर को निकाली जाएगी। इसके बाद चातुर्मास का समापन 22 अक्टूबर को होगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story