जिस पिता के नाम से जिंदगी मिली, उसका नाम कभी बदनाम मत होने देना।” राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज ने शनिवार को चित्रकूटधाम में आयोजित ज्ञान गंगा महोत्सव में पिता के महत्व पर प्रवचन देते हुए संतान को माता-पिता के सम्मान और संवेदना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो संतान बुढ़ापे में अपने मां-बाप को कष्ट देती है, वह कभी सुखी नहीं रह पाती है। भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे आचार्य पुलकसागर महाराज की पुलक वाणी सुनने के लिए शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से सर्व समाज के हजारों लोग चित्रकूटधाम पहुंचे।

श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से चित्रकूटधाम में आयोजित ज्ञान गंगा महोत्सव में शनिवार को जीवन में पिता के महत्व पर प्रवचन हुआ। स्वाधीनता दिवस से प्रारंभ ज्ञान गंगा महोत्सव का समापन रविवार को होगा।

आचार्यश्री ने कहा कि जिंदगी में सबका प्यार नजर आता है, लेकिन पिता वह होता है जिसका प्यार नजर नहीं आता। वह अपने बच्चों की जिंदगी संवारने के लिए सब कुछ दांव पर लगा देता है और खुद दुःख सहकर बच्चों को खुशियां देता है। पिता हमेशा संतान की खुशी और तरक्की की कामना करता है। उन्होंने कहा कि अपना जीवन ऐसा बनाओ कि घर के बाहर आपके पिता से लोग पूछें कि आपने पिछले जन्म में कौनसे पुण्य किए जो ऐसी संतान मिली। आपके कारण आपके पिता को कभी अपमान नहीं मिलना चाहिए। दुनिया में आपकी पहचान आपके मां-बाप से होती है। जिस पिता के नाम से जिंदगी मिली, उसका नाम कभी बदनाम मत होने देना।

आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि पिता अपने अरमानों को काटकर संतान की इच्छाएं पूरी करता है। बेटी के लिए मायका मां से नहीं, पिता से होता है। पिता के जाने पर आधा पीहर खत्म हो जाता है और मां लाचार हो जाती है। पिता अपनी सारी ताकत लगाकर बेटे की जिंदगी संवारता है। उन्होंने कहा कि अपने उस पिता की कद्र करें जिसने दुनिया में तुम्हें जायज होने का हक दिया है। एक बेटा दुनिया में केवल पिता से ही जिद कर सकता है।



उन्होंने कहा कि हर पिता के अंदर एक भगवान मौजूद हुआ करता है। पिता की डांट-फटकार बुरी लगती है, लेकिन वह दुनिया की बीमारियों से बचाती है। उनकी छत्रछाया में ही परिवार को सुरक्षा मिली करती है। पिता बेटे को अंगुली पकड़कर चलना सिखाता है और उसके खातिर पूरी दुनिया से दुश्मनी मोल लेने को तैयार हो जाता है।

आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि बुढ़ापा दो तरह से जिंदगी में आता है। एक उम्र के साथ आता है और दूसरा जब बच्चे उपेक्षा करते हैं तो जवानी में भी बुढ़ापे का अहसास होने लगता है। औलाद की मार पड़ती है तो बुढ़ापे में जंग लगती है। संतान की अनदेखी और उपेक्षा से बड़ी पीड़ा नहीं हो सकती। अपने ही घर में लाचार होकर जीना एक बाप के लिए बहुत कठिन होता है।

उन्होंने कहा कि जो संतान बुढ़ापे में अपने मां-बाप को कष्ट देती है, वह कभी सुखी नहीं रह पाती है। जीने के लिए केवल भोजन-पानी ही नहीं, प्रेम और संवेदना की भी जरूरत होती है। अपने मां-बाप को कभी जिंदगी बोझ महसूस नहीं होने दो। कोई पिता नहीं चाहता कि उसके कारण बेटे का घर उजड़ जाए, लेकिन याद रहे कर्म हमेशा लौटकर आते हैं। जैसा हम अपने मां-बाप के साथ करेंगे, वैसा ही कल हमारी संतान हमारे साथ करने वाली है।

आचार्यश्री ने कहा कि जब तक मां-बाप की नजर में सम्मान नहीं है, तब तक आपके लिए दुनिया के सारे सम्मान फीके हैं। माता-पिता के मरने के बाद आंसू बहाने की बजाय जीते जी उनका सम्मान करना चाहिए।

प्रवचन के प्रारंभ में दीप प्रज्वलन एवं आचार्यश्री के पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट का सौभाग्य प्रेमचंद, राजेन्द्र, राकेश सेठी परिवार एवं पुष्पलता, संदीप, नम्र जैन परिवार ने प्राप्त किया। लॉयन्स क्लब भीलवाड़ा के सदस्यों ने गर्वनर निशांत जैन के नेतृत्व में एवं तेरापंथ समाज के पदाधिकारियों ने आचार्यश्री को श्रीफल समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सौभाग्यशाली परिवार एवं अतिथियों का स्वागत श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, सह संयोजक लोकेश अजमेरा आदि पदाधिकारियों ने किया। अनंत पाटनी ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। संचालन चातुर्मास समिति के महामंत्री जयकुमार पाटनी ने किया। भीलवाड़ा शहर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से सर्व समाज के हजारों लोग ज्ञान की गंगा में डूबकी लगाने के लिए चित्रकूटधाम पहुंचे। ज्ञान गंगा महोत्सव का समापन रविवार को होगा।

Updated On
Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story