भीलवाड़ा में पहली बार ऐतिहासिक चातुर्मास संपन्न करने के बाद राष्ट्र संत मनोज्ञानाचार्य पुलकसागर महाराज ससंघ 15 नवंबर को धर्मनगरी से विदा होंगे। आचार्यश्री की विदाई से पहले शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वे भीलवाड़ा चातुर्मास का अंतिम आशीर्वचन देकर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।

श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि रविवार दोपहर 1:30 बजे सूर्यमहल में पिच्छिका परिवर्तन समारोह होगा। जैन परंपरा के अनुसार चातुर्मास संपन्न होने के बाद संत अपनी पुरानी पिच्छिका उन विशेष भक्तों को प्रदान करते हैं, जिन्होंने पूरे चातुर्मास के दौरान उनकी सेवा की होती है। वहीं, भीलवाड़ा समाज के विभिन्न संगठन आचार्यश्री को नवीन पिच्छिका भेंट करेंगे।

समारोह के माध्यम से भीलवाड़ा के श्रद्धालु और भक्तगण आचार्यश्री को भावपूर्ण विदाई देंगे। चातुर्मास समिति इस आयोजन की तैयारियों में जुटी है। भीलवाड़ा में आचार्यश्री के भव्य मंगल प्रवेश के बाद अब समिति उसी भव्यता के साथ उनकी विदाई की तैयारियां कर रही है।

पिच्छिका परिवर्तन समारोह के बाद 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे आचार्य पुलकसागर महाराज ससंघ सूर्यमहल से मंगल विहार करेंगे। इस दौरान शास्त्रीनगर जैन मंदिर में दर्शन के बाद सिंधुनगर, राजीव गांधी चौराहा, महाराणा टॉकीज और माणिक्यनगर होते हुए पुराने भीलवाड़ा के जैन मंदिरों में दर्शन करेंगे। इसके बाद तिलकनगर स्थित यश विहार में रात्रि विश्राम करेंगे।

अगले दिन 16 नवंबर को सुबह 7 बजे आचार्यश्री ससंघ विहार करेंगे। इसके बाद कोटड़ी रोड स्थित दिनेश गोधा के फार्म हाउस पर आहार चर्या होगी।

चातुर्मास आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों से आचार्यश्री के विदाई समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। पिच्छिका परिवर्तन और मंगल विहार के साथ भीलवाड़ा में आचार्यश्री के ऐतिहासिक चातुर्मास का समापन होगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story