ग्वालियर। मध्यप्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक संभावनाओं को नई गति देने वाला ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट 2025’ आज ग्वालियर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समिट में उद्योग, नवाचार और निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई, जिससे प्रदेश में हरित ऊर्जा और रोजगार सृजन को बल मिलेगा।

समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट समेत अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों ने मध्यप्रदेश की विकास यात्रा और औद्योगिक अवसरों को प्रदर्शित किया।

समिट के मुख्य आकर्षण के रूप में एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप की औद्योगिक इकाई TACC टैक कंपनी के प्रमोटर रिजु झुनझुनवाला ने लिथियम-आयन बैटरियों के अवयव क्षेत्र में ₹2500 करोड़ के निवेश का करार किया। इस निवेश से मध्यप्रदेश में उच्च तकनीक, हरित ऊर्जा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। औद्योगिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए रिजु झुनझुनवाला को सम्मानित भी किया गया।

समारोह के दौरान रिजु झुनझुनवाला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए आदर्श और भरोसेमंद औद्योगिक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। यह निवेश और सम्मान ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मध्यप्रदेश की मजबूत औद्योगिक संभावनाओं को उजागर करता है।

समिट ने न केवल मध्यप्रदेश को निवेशकों के लिए आकर्षक केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया, बल्कि राज्य की आर्थिक विकास की दिशा में नई संभावनाओं और उच्च तकनीकी उद्योग के लिए रोडमैप भी तय किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story