21 से 26 जनवरी 2026 तक सजेगा टेक्सटाइल और हस्तशिल्प का भव्य मंच, ग्रामीण हाट में लगेगा औद्योगिक विकास का मेला
भीलवाड़ा में 21 से 26 जनवरी 2026 तक ग्रामीण हाट में आयोजित होने वाला टेक्सटाइल एण्ड हैंडीक्राफ्ट मेला स्थानीय एमएसएमई, हस्तशिल्पियों और बुनकरों को सशक्त मंच देगा। जिला कलक्टर जस्मीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में आयोजित यह मेला औद्योगिक विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम बनेगा।

भीलवाड़ा, 31 दिसंबर। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा एक बार फिर अपने औद्योगिक और सांस्कृतिक वैभव का प्रदर्शन करने जा रही है। स्थानीय उद्यमों, एमएसएमई, हस्तशिल्पियों और बुनकरों को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “भीलवाड़ा टेक्सटाइल एण्ड हैंडीक्राफ्ट मेला” का आयोजन 21 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक ग्रामीण हाट, भीलवाड़ा में किया जाएगा। यह मेला ‘एक जिला–एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत टेक्सटाइल उत्पादों के औद्योगिक विकास में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मेले की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर श्री जस्मीत सिंह संधू की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सफल उद्यमियों के टॉक शो आयोजित किए जाएं, ताकि नवोदित उद्यमियों को प्रेरणा मिल सके। साथ ही राज्य सरकार की औद्योगिक विकास योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग, बैनर और फ्लेक्स के माध्यम से करने पर जोर दिया गया। उन्होंने नगर निगम, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नगर विकास न्यास, रीको और राजीविका के अधिकारियों को उद्योग विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश भी दिए। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग को ‘पंच गौरव’ योजना के अंतर्गत स्टॉल लगाने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में महाप्रबंधक श्री के.के. मीना ने जानकारी दी कि मेले का शुभारंभ 21 जनवरी को रंगोली और स्वागत गीत के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल स्थानीय एमएसएमई उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि औद्योगिक उत्पादों के प्रदर्शन के माध्यम से दस्तकारों और हस्तशिल्पियों को एक सशक्त और सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना भी है।
मेले में लगभग 60 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें टेक्सटाइल उत्पाद, रेडीमेड गारमेंट्स, डेनिम फैब्रिक, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाहन, लेडीज कुर्तियां, शुद्ध मसाले, आचार-मुरब्बा, स्टोन कार्विंग, स्टील और लकड़ी का फर्नीचर, वुडन आइटम, इमीटेशन ज्वैलरी, आर.ओ. प्लांट, एग्रो उत्पाद, राजीविका महिला समूहों के उत्पाद तथा विविध खान-पान के स्टॉल प्रमुख आकर्षण होंगे।
मेले को सांस्कृतिक रंग देने के लिए शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मेहंदी प्रतियोगिता, पोस्टर, निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं, ‘ग्रीन एंड क्लीन भीलवाड़ा’ थीम पर आधारित गतिविधियां तथा मांडलगढ़ किले से संबंधित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएंगी।
उद्योग और व्यापार जगत से भी इस आयोजन को व्यापक समर्थन मिल रहा है। मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के श्री आर.के. जैन, भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के श्री प्रेम स्वरूप गर्ग और लघु उद्योग भारती के श्री शंभू प्रसाद काबरा ने मेले में सक्रिय सहयोग और भागीदारी का आश्वासन दिया है। बैठक में विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा टेक्सटाइल एण्ड हैंडीक्राफ्ट मेला न केवल जिले की औद्योगिक पहचान को नई मजबूती देगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों और उद्यमियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर भी खोलेगा, जिससे जिले की विकास यात्रा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
