भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शनिवार को उपनगर सांगानेर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालों, भूमि समतलीकरण, उद्यान निर्माण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने निरीक्षण की शुरुआत उपनगर सांगानेर स्थित श्री रामदेवजी मंदिर परिसर से की। यहां उन्होंने एक गड्ढे के समतलीकरण, प्रस्तावित उद्यान निर्माण तथा सांगानेर तालाब में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद विधायक कोठारी मानसरोवर झील पहुंचे, जहां लंबे समय से जलकुंभी की समस्या बनी हुई थी। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि अब तक लगभग 99 प्रतिशत जलकुंभी का निस्तारण किया जा चुका है। विधायक ने झील में नौका विहार कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा जल की गहराई का भी अवलोकन किया। उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने और झील की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अगले चरण में विधायक कोठारी ने औद्योगिक क्षेत्र रीको चतुर्थ फेज में निर्माणाधीन सीसी सड़कों एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल प्रारंभ करने, नियमित निरीक्षण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सभी विकास कार्य समय पर पूर्ण होकर आमजन को शीघ्र बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान विधायक अशोक कुमार कोठारी के साथ संजय राठी, गजेंद्र सिंह राठौड़, केदार जागेटिया, सत्यनारायण गुग्गड़, दिनेश सुथार, पृथ्वी राज, महेंद्र प्रजापत सहित क्षेत्रवासी, भाजपा कार्यकर्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story