भीलवाड़ा जिले के सांगवा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। सुबह तक घर में खेलता-कूदता 6 वर्षीय दिलखुश कुछ ही घंटों बाद गांव के एक कुएं में मृत मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सांगवा निवासी रतन बेरवा का 6 वर्षीय बेटा दिलखुश मंगलवार सुबह अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते ग्रामीण और रिश्तेदार भी खोजबीन में जुट गए। गांव के अलग-अलग स्थानों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

तलाश के दौरान गांव के पास स्थित एक कुएं की जगत पर दिलखुश की चप्पल पड़ी मिली। चप्पल देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गहरे कुएं में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद दिलखुश का शव कुएं से बाहर निकाला गया। मासूम का शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों का धैर्य टूट गया। पिता रतन बेरवा और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मासूम की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद सांगवा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं, जबकि 6 वर्षीय दिलखुश की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated On
Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story