यदुवंशी सैनी समाज पाल 12 गांव की प्रथम कार्यकारिणी बैठक रविवार को भरतपुर के पक्का बाग स्थित जगन्नाथ मैरिज होम में आयोजित होगी। समाज की इस महत्वपूर्ण बैठक में विकास, एकता और सामाजिक सुधार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। बैठक के साथ वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का विशाल सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

यदुवंशी सैनी समाज पाल 12 गांव के अध्यक्ष पार्षद रामेश्वर सैनी एवं तरुण सैनी ने बताया कि कार्यक्रम में समाज की एकता को मजबूत बनाने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सुधार तथा समाज के उत्थान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में समाज को सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ 12 प्रतिशत आरक्षण की प्रमुख मांग को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराज विश्वेंद्र सिंह होंगे, जबकि भरतपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राहुल सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

शुक्रवार को अध्यक्ष रामेश्वर सैनी एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने श्री महावीर जी क्षेत्र में जनसंपर्क कर समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साहवर्धन कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता को नई दिशा प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story