बयाना (भरतपुर)। बयाना उपखंड के डाडा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब खेत में काम कर रही एक नवविवाहिता की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, डाडा गांव निवासी राजकुमारी (19) पत्नी भोलेशंकर, जाति नाई, गुरुवार को अपने खेत में काम कर रही थी। इस दौरान अचानक झाड़ियों के बीच से निकले एक सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश होते ही राजकुमारी मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। खेत में मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि राजकुमारी की शादी को अभी मात्र नौ माह ही हुए थे। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर ली है और सर्पदंश से मौत की पुष्टि के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

गांव में लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर दहशत और शोक में हैं। ग्रामीणों ने खेतों में सावधानी बरतने और सर्पदंश के मामलों में तुरंत चिकित्सकीय उपचार लेने की अपील की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story