वैर। न्यायालय परिसर वैर में 09 मई 2026 को तालुका विधिक सेवा समिति वैर मुख्यालय के तत्वावधान में वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में लंबित प्रकरणों, बैंकिंग सेक्टर एवं बैंक रिकवरी, HMA तथा MACT से संबंधित मामलों का आपसी राजीनामा, सुलह और समझाइश के माध्यम से निस्तारण किया गया।

तालुका विधिक सेवा समिति वैर के सचिव कन्नू जैन ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए मुख्यालय पर कुल दो बेंचों का गठन किया गया। प्रथम बेंच का गठन श्री मोहित द्विवेदी, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश वैर की अध्यक्षता तथा राजीव शर्मा पैनल अधिवक्ता की सदस्यता में किया गया। वहीं द्वितीय बेंच का गठन श्री नमो नारायण मीणा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 01 वैर की अध्यक्षता एवं प्रवीण चंद्र मिश्र पैनल अधिवक्ता की सदस्यता में किया गया।

दोनों बेंचों द्वारा लंबित प्रकरणों की सुनवाई कर पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं समझाइश के आधार पर कुल 50 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। लोक अदालत के दौरान कुल 9 लाख 61 हजार 824 रुपए का अवार्ड पारित किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा और समझौते के माध्यम से मामलों के त्वरित निस्तारण ने न्याय प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। न्यायालय परिसर वैर में आयोजित यह लोक अदालत आमजन को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story