डीग, 17 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन और जनकल्याण’ के संकल्प को लेकर निकाली गई विकास रथ यात्रा बुधवार को जिले के ग्राम गंगावक, रसिया और डुंडावल पहुँची। गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया।

जनसभा में मंत्री बेढ़म ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के प्रति उनकी जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर गाँव, हर गरीब और हर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। जनविश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, और इसी विश्वास के दम पर हम विकसित राजस्थान का सपना साकार करेंगे।”

यात्रा के दौरान मंत्री ने प्रोटोकॉल से हटकर ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और युवाओं को रोजगारपरक नीतियों की जानकारी दी। इस अवसर पर एलईडी रथ के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कार्यों का प्रदर्शन भी किया गया।

मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास रथ यात्रा ने ग्रामीण जनता में सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास और सहभागिता को नई ऊँचाई दी, और राज्य सरकार की सामाजिक प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story