भरतपुर: बाछरैन में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान शुरू
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर भुसावर के बाछरैन में ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

भरतपुर जिले के भुसावर उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाछरैन में गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के दौरान स्थानीय तालाब और पोखर पर पहुंचकर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते प्रशासनिक अधिकारी, अतिथि और ग्रामीण मातृशक्ति।
जल संकट के दौर में भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने और जल स्रोतों के पुनरुद्धार के उद्देश्य से भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शुमार भुसावर उपखण्ड मुख्यालय क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाछरैन में 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' का ऐतिहासिक और भव्य शुभारम्भ हुआ है। गंगा दशहरा के पावन एवं अत्यंत शुभ पर्व पर शुरू हुए इस जन अभियान ने ग्रामीण अंचल में चेतना की एक नई अलख जगा दी है, जहां समूचे क्षेत्र ने एक सुर में जल संरक्षण की शपथ ली।
इस गरिमामयी और वृहद कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत बाछरैन स्थित प्राचीन राधाकृष्ण मन्दिर प्रांगण से हुई। समारोह की अध्यक्षता ग्राम पंचायत बाछरैन के प्रशासक अशोक कोली ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ग्रामीण मण्डल के अध्यक्ष हरवीर चौधरी उपस्थित रहे। अभियान के तहत सनातन संस्कृति का निर्वहन करते हुए अतिथियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले देववृक्ष पीपल की पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात, जनसैलाब स्थानीय तालाब और पोखर पर पहुंचा, जहां सामूहिक रूप से पारंपरिक पूजन संपन्न किया गया। उपस्थित जनसमुदाय और मातृशक्ति ने हाथ में जल लेकर अपने क्षेत्र के प्राचीन व पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और उन्हें प्रदूषण मुक्त बनाने का अटूट संकल्प लिया।
समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए पंचायत समिति भुसावर के कार्यवाहक विकास अधिकारी गोविन्द गर्ग ने प्रशासनिक एवं शासकीय दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में संचालित की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे हुए अंतिम व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाएगा, ताकि विकास की मुख्यधारा से हर नागरिक जुड़ सके।
इस वृहद जन अभियान और संकल्प समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों सहित राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के दिग्गजों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अतिरिक्त विकास अधिकारी सतीश वर्मा, जिला मन्त्री ठाकुर लक्ष्मणसिंह, मण्डल महामन्त्री बृजेश मीणा, भाजयुमो अध्यक्ष पुष्करसिंह चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी जमनालाल मीना तथा भरतपुर की पूर्व सभापति सुमन कोली विशेष रूप से मौजूद रहीं। इनके साथ ही पंचायत समिति सदस्य दरबासिंह, भाजयुमो महामंत्री मोरध्वज सिंह, केशराम मीणा, महादेव गुर्जर एवं एसटी मोर्चा के कमल मीणा सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने सहभागिता निभाई। गंगा दशहरा पर शुरू हुआ यह जन अभियान केवल एक कार्यक्रम न रहकर बाछरैन और भुसावर क्षेत्र में जल चेतना का एक बड़ा आंदोलन बन गया है, जो आने वाले समय में जल संकट से निपटने में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
