भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक और आक्रोश से भर दिया। मडरपुर रोड स्थित गोविंद नगर कॉलोनी के सामने विद्युत विभाग की बोलेरो गाड़ी ने स्कूटी सवार मां और दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें नौ वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बोलेरो में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। गोविंद नगर निवासी राखी, पत्नी ओमेंद्र सिंह, रोज की तरह अपने बच्चों को कृष्णा नगर में ट्यूशन से लेकर स्कूटी पर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह गोविंद नगर कॉलोनी के सामने पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार विद्युत विभाग की बोलेरो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके नौ वर्षीय बेटे अंशु की मौके पर ही मौत हो गई। राखी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि सात वर्षीय बेटी आरू बाल-बाल बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और गुस्से में विद्युत विभाग की बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ते देख मथुरा गेट थाना पुलिस समेत शहर के कई थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं और भीड़ को तितर-बितर किया। नगर निगम की दमकल गाड़ी को बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्चे के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि मां राखी का उपचार गंभीर अवस्था में जारी है। परिवार के अनुसार मृतक अंशु चौथी कक्षा का छात्र था और 14 दिसंबर को उसका नौवां जन्मदिन था। घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, जो देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार बच्चों के पिता ओमेंद्र सिंह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में कोटा में उनकी ड्यूटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मडरपुर रोड पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

यह दर्दनाक हादसा न सिर्फ एक परिवार को गहरे सदमे में डाल गया, बल्कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

Umesh Lawania, Bharatpur

Umesh Lawania, Bharatpur

उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।

Next Story