बयाना। श्याम सरोवर कॉलोनी की मुख्य सड़क पिछले छह महीनों से जर्जर हालत में है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नाली पर मिट्टी और बजरी डालने के कारण पानी का मार्ग अवरुद्ध हो गया है और गंदा पानी सड़क पर फैलकर दलदल जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।

सुबह-शाम मंदिर जाने वाले लोग प्रतिदिन इस गंदे पानी से होकर गुजरते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के निकलने पर पानी के छींटे राहगीरों के कपड़ों और शरीर पर पड़ते हैं, जिससे अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है और लोगों में नाराजगी फैल रही है।

दयाराम कारबाड़ी की दुकान के बाहर स्थिति और भी गंभीर है। नाली के ओवरफ्लो और बदबू के कारण उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगरपालिका न तो उनकी शिकायतों पर ध्यान दे रही है, न ही नियमित सफाई कर रही है और न ही कचरे का उठान हो रहा है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि लंबे समय से उन्होंने अतिक्रमण हटाने और नालियों की सफाई की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड पार्षद अनुराधा गौरव शर्मा ने कहा कि नगरपालिका की लापरवाही हद पार कर चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाली साफ नहीं की गई और सड़क से कीचड़ हटाया नहीं गया, तो कॉलोनीवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदगी का संकट लगातार बढ़ रहा है, जो न केवल आवागमन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story