बयाना। खेल की भावना अनुशासन और स्वास्थ्य की जननी होती है, इसी संकल्प के साथ आज भरतपुर रोड स्थित श्री नृसिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान, बिड्यारी, बयाना में एक सप्ताह तक चलने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आगाज हुआ। जैसे ही मुख्य अतिथि श्रीमान् दीपक तिवारी और कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी दहिया ने फीता काटकर और बैडमिंटन के खेल के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर अलग-अलग ड्रेस कोड में कतारबद्ध छात्र-छात्राएं न केवल अनुशासन की मिसाल पेश कर रहे थे, बल्कि उनका उत्साह यह बता रहा था कि आगामी सात दिन नर्सिंग के ये भावी सितारे खेल के मैदान में भी अपना लोहा मनवाने के लिए तैयार हैं।

सप्ताह के प्रथम दिन का मुख्य आकर्षण खो-खो का मुकाबला रहा, जिसमें छात्र वर्ग में बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर और जीएनएम प्रथम वर्ष ने अपने शानदार समन्वय से जीत हासिल की। वहीं छात्रा वर्ग में बी.एस.सी. प्रथम व चतुर्थ वर्ष की छात्राओं ने अपनी चपलता से विपक्षी टीम को मात दी। कबड्डी के रोमांचक मुकाबले में बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने अपना दबदबा कायम रखा। बैडमिंटन के कोर्ट पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां छात्र वर्ग में जीएनएम प्रथम वर्ष, बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर और पांचवें सेमेस्टर के खिलाड़ियों ने जीत का परचम लहराया, जबकि छात्रा वर्ग में बी.एस.सी. तृतीय और छठे सेमेस्टर की छात्राओं ने जीत दर्ज की।

दौड़ प्रतियोगिता में छात्रों की रफ्तार ने सभी को अचंभित कर दिया। इसमें राहुल, विकास, अमन, नीरज, राहुल (छठा सेमेस्टर), मनीष, जगवीर, योगेश और समय सिंह ने अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की श्रेणी में आंची कुमारी, मोनिका, प्रतिभा, पवना, सानिया तेंवर, शीतल, सुभद्रा, सपना और योगेश्वरी ने अपनी गति और स्टेमिना का शानदार प्रदर्शन किया। शारीरिक दमखम के साथ-साथ दिमागी कौशल की परीक्षा लेने वाले इनडोर गेम्स में भी उत्साह की कमी नहीं रही। शतरंज में दीपक, आलोक और सौरभ डागुर ने अपनी चालों से प्रतिद्वंदियों को पछाड़ा, तो वहीं कैरम प्रतियोगिता में प्रदीप, विश्वनाथ, विष्णु मीना, अभिषेक मीना, गोपेश और सौरभ डागुर ने अपनी एकाग्रता का परिचय देते हुए जीत हासिल की। कार्यक्रम के दौरान समस्त टीचिंग और ऑफिस स्टाफ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। यह खेल सप्ताह न केवल छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि उनमें आपसी भाईचारे और टीम भावना को भी सुदृढ़ करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story