भुसावर उपखंड में खेड़ली मोड़ से खेड़लीगंज को जोड़ने वाला स्टेट मेगा हाईवे 45 अपनी बदहाल स्थिति के कारण लगातार हादसों का कारण बनता जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने खड्डे और टूटी पड़ी सतह पिछले कई वर्षों से दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसी आरएसआरडीसी की ओर से अब तक ठोस मरम्मत कार्य नहीं किया गया है। हालत यह है कि बीते एक माह में इस मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

बुधवार को खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के पथैना गांव के पास ऐसा ही एक हादसा हुआ जब ईको वाहन चालक सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे से बचाव करते हुए नियंत्रण खो बैठा और पीछे से बाइक सवारों को टक्कर मारकर फरार हो गया। टक्कर की चपेट में आए बबेखर निवासी कपूर चंद जाटव और चरनलाल जाटव गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को महवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर कपूर चंद को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर इस हाईवे की भयावह स्थिति को उजागर कर दिया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पथैना गांव के पेट्रोल पंप से अलीपुर टोल तक सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि वाहन चलाना किसी जोखिम से कम नहीं। ग्रामीण बताते हैं कि खराब सड़क के साथ-साथ मार्ग पर बाजरा और ज्वार की कड़वी रखकर किए गए अतिक्रमण भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहे हैं। क्षेत्रीय लोग कई बार आरएसआरडीसी अधिकारियों को शिकायतें दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं दिखाई देता। पिछले दिनों जिन छह लोगों की मौत इन दुर्घटनाओं में हुई, उनमें ज्ञान सिंह, सतवीर मीणा, मानसिंह, मुकेश गुर्जर, मुकुल गुर्जर और कपूर चंद जाटव शामिल हैं।

सड़क की हालत को लेकर जब आरएसआरडीसी के सहायक अभियंता संजय कश्यप से बात की गई तो उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सड़क पर पड़े खड्डों को भरवाया जाएगा और पहले भी अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर मरम्मत की कोशिशें की गई थीं। फिलहाल, स्थानीय लोग इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कब यह मार्ग सुरक्षित बनेगा और लगातार हो रही मौतों का सिलसिला रुकेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story