भरतपुर, 12 नवम्बर।

वन्दे मातरम् के 150 वर्ष और भारतीय संविधान के 75 वर्ष जैसे ऐतिहासिक अवसरों पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, जयपुर एवं सवाई माधोपुर इकाई द्वारा मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए डॉ. सोनी ने कहा कि यह प्रदर्शनी न केवल वन्दे मातरम् और संविधान की ऐतिहासिक यात्रा को स्मरण कराती है, बल्कि यह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस प्रदर्शनी से प्राप्त जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहिए ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रदर्शनी में शामिल होकर वन्दे मातरम् के 150 वर्ष और संविधान के 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को समझें और उससे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे आयोजित प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति और संविधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।

मीडिया संचार एवं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी आशीष वर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को विभिन्न थीम आधारित जोनों में प्रस्तुत किया गया है। युवाओं के लिए आकर्षक एंगेजमेंट जोन बनाए गए हैं, जिनमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक ढंग से दी जा रही है।

वर्मा ने बताया कि भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” जोन विशेष रूप से युवाओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, कर्त्तव्य और संविधान सभा की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रदर्शनी में भारतीय डाक विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा भी सूचनात्मक स्टॉल लगाए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में भारत स्काउट एंड गाइड के स्काउट कमिश्नर गिरिराज गर्ग और गाइड कैप्टन अशोक मीणा ने भी विचार व्यक्त किए। वहीं, केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक प्रेम सिंह यादव एवं नेमीचंद मीणा ने प्रदर्शनी की विशेषताओं से अवगत कराया और मंच संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा जन चेतना रैली भी निकाली गई, जिसमें संविधान के 75 वर्ष और केंद्र सरकार की योजनाओं पर आधारित नारे लगाते हुए छात्र उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और यह प्रदर्शनी स्थल पर आकर संपन्न हुई।

प्रदर्शनी में मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। यह प्रदर्शनी 14 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 4 बजे तक आमजन के लिए निशुल्क खुली रहेगी।

समापन अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह गुर्जर, प्रधानाचार्य यशवीर सिंह, प्रधानाचार्य सुदामा पाराशर, उपप्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह नाईक सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस आयोजन ने न केवल छात्रों में उत्साह जगाया बल्कि संविधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव के प्रति नई चेतना का संचार भी किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story