बयाना। रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास एक छोटे चाय के खोखे में दो माह के भीतर तीसरी बार चोरी की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि चोरों में पुलिस का कोई भय नहीं है और लगातार एक ही स्थान पर चोरी होना इस बात का संकेत है कि पहले की दो घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इस वजह से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और वे बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

बयाना व्यापार संघ के अध्यक्ष जानकी प्रसाद सामरी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि कस्बे में आए दिन दुकानों और घरों को चोर निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही। उनका कहना था कि पुलिस केवल वसूली में व्यस्त है, जबकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखा जा रहा है।

इससे पहले कुछ दिन पूर्व उज्जैन गए निजी शिक्षक सत्यप्रकाश शर्मा के निवास पर भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों में असंतोष और चिंता बढ़ा दी है।

व्यापार संघ अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो बयाना के व्यापारी पुलिस के खिलाफ बाजार बंद करके रैली निकालकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

इन घटनाओं ने न केवल बयाना के व्यापारिक एवं नागरिक वर्ग में सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर प्रश्न चिह्न लगा दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने इस बात को उजागर कर दिया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की तत्काल आवश्यकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story