बयाना। नगर क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी, ठेला, फुटपाथ और अन्य छोटे व्यवसाय संचालकों के लिए आर्थिक सहारा बनकर आई है प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना। दीनदयाल अन्त्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) के तहत यह योजना शहरी गरीब पथ-विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को पुनः गति देने के उद्देश्य से लागू की गई है।

नगरपालिका बयाना के NULM सेक्शन में कार्यरत सीओ राजबाला ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को तीन किस्तों में कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें पहली किस्त 15 हजार रुपये, दूसरी 25 हजार रुपये और तीसरी 50 हजार रुपये की स्वीकृत की जाती है। यह ऋण बिना किसी गारंटी (कोलैटरल-फ्री) के प्रदान किया जाता है, जिससे स्ट्रीट वेंडर्स आसानी से अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सकें।

सीओ राजबाला ने आगे बताया कि समय पर ऋण चुकाने पर लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी और कैशबैक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। कोविड-19 महामारी के बाद छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत की थी। इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी बैंक या नगर पालिका कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। पहले ऋण की पूर्ण चुकौती के बाद ही अगली उच्च राशि की किस्त स्वीकृत की जाती है।

योजना के प्रभाव से बयाना क्षेत्र के सैकड़ों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिला है और उनका व्यवसाय अब दोबारा पटरी पर लौट रहा है। यह पहल न केवल उनके आजीविका सुरक्षा को सुनिश्चित कर रही है, बल्कि शहरी गरीब वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी सहायक साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story