राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग में भरतपुर के कनिष्क व सूर्यांशी को सिल्वर
कनिष्क ने 55 किलो में 165 किलो और सूर्यांशी ने 45 किलो में 103 किलो वजन उठाकर पदक जीता। दोनों ने भरतपुर में कोच मनीषभान सिंह से प्रारंभिक प्रशिक्षण लिया था।

कनिष्क और दाएं सूर्यांशी जयपुर स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के दौरान खड़े दिख रहे हैं।
भरतपुर के दो युवा वेटलिफ्टरों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित 18वीं सब जूनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कनिष्क कुणाल और सूर्यांशी शर्मा ने अपने-अपने भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर उपलब्धि हासिल की।
राजस्थान स्टेट वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से 27 से 28 नवम्बर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में भरतपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए कनिष्क कुणाल ने 55 किलो भारवर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने स्नेच एवं क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में कुल 165 किलो वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
वहीं, सूर्यांशी शर्मा ने 45 किलो भारवर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कुल 103 किलो वजन उठाया और सिल्वर मेडल हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर भरतपुर को गौरवान्वित किया।
कनिष्क कुणाल और सूर्यांशी शर्मा ने वेटलिफ्टिंग का प्रारंभिक प्रशिक्षण भरतपुर के कोच मनीषभान सिंह के सानिध्य में प्राप्त किया। वर्तमान में कनिष्क कुणाल चूरू स्थित उर्मिला स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच दुष्यन्त सिंह एवं केएम बेबी मैडम के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में दो सिल्वर मेडल जीतकर कनिष्क कुणाल और सूर्यांशी शर्मा ने भरतपुर के खेल जगत में अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।

Mukesh Kumar, Bharatpur
मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।
