भरतपुर। सेवर स्थित खेल मैदान में सर्व समाज महासभा के तत्वावधान में आयोजित 'सर्व समाज प्रीमियर लीग' (SSPL) कप 2026 के दूसरे दिन क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर रहा। खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले इस महाकुंभ में मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिंघल एवं विशिष्ट अतिथि लक्ष्मण सैनी, विनोद सेवर तथा सूबेदार प्रेमचंद सैनी ने शिरकत की। अतिथियों ने मैदान पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की।

सर्व समाज महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि एसएसपीएल जैसे आयोजन न केवल युवाओं की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि समाज में अटूट एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों को सराहते हुए सभी टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों की झड़ी लगी रही, जिसमें फतेहपुर और गाडौली के बीच हुए मैच में फतेहपुर ने विजय हासिल की। माल गांव और वार्ड 14 के मध्य बेहद कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, वहीं विजेता क्लब ने जाटोली को परास्त कर अपनी जीत दर्ज की। अन्य मुकाबलों में कपरौला ने सुखावली को मात दी, जबकि वार्ड 10 और मेहगांव के बीच हुए मैच में मेहगांव की टीम विजेता रही। पूरे दिन मैदान खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साहपूर्ण शोर से गुंजायमान रहा।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समर्पित आयोजन समिति के सदस्यों विष्णु शर्मा, चंकी गुर्जर, आकाश गुर्जर, हेमंत सेवर, श्रवण शर्मा, राहुल सैनी, ऋषि, निशांत सैनी, निवेश गुर्जर, भोलू सैनी, भूपेंद्र सैनी, दिलीप सैनी, रोहित गुर्जर, रोहित सैनी, आकाश गुर्जर (मालीपुरा), भाग्य सिंह, अभिषेक गुर्जर, हेमंत गुर्जर, गौरव सैनी, धोनी शर्मा, गौतम शर्मा एवं कुनाल शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता और खेल संस्कृति का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story