‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 2026’ को गति देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने शुक्रवार को कुम्हेर, कामां और पहाड़ी तहसीलों में व्यापक फील्ड निरीक्षण कर अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन किया। मतदाता सूची शुद्धिकरण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सुपावस, सिकरोरी, कनवाड़ा, रारह, संता का नगला, चकमीना और कामां तहसील के भाग संख्या 89, 90, 93 और 94 सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उप निर्वाचन अधिकारी डीग राजकुमार कस्वां, एईआरओ श्रेष्ठा श्री और मुकेश कुमार गोयल भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कौशल ने सुपावस में डिजिटाइजेशन कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने, डोर-टू-डोर संपर्क बढ़ाने और मतदाताओं को व्यक्तिगत रूप से अभियान की प्रक्रिया समझाने पर विशेष जोर दिया। सिकरोरी में डिजिटाइजेशन सेल के औचक निरीक्षण में उन्होंने कार्यप्रवाह को संतोषजनक पाया, लेकिन प्रपत्र संग्रहण और ऑनलाइन प्रविष्टि में निरंतर सुधार की आवश्यकता भी बताई।

कामां क्षेत्र के भाग संख्या तीन में उन्होंने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने निर्धारित क्षेत्र में सक्रिय रहकर अधिकाधिक गणना प्रपत्र वितरित करें और मतदाताओं के आवश्यक विवरणों का सही-सही सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां भी बीएलओ की क्षमता बढ़ाने की जरूरत पड़े, वहां तुरंत सहायक टीमें और वॉलिंटियर तैनात किए जाएं ताकि अभियान में किसी प्रकार की देरी न हो।

अपने दौरे के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने गांवों में आम मतदाताओं से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ अभियान के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का सूक्ष्म सत्यापन कर रहे हैं। यह प्रक्रिया आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कौशल ने यह भी बताया कि निर्वाचन विभाग ने सुविधा के लिए ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने का विकल्प उपलब्ध कराया है। मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल पर सीधे अपना प्रपत्र भर सकते हैं, जो संबंधित बीएलओ को स्वतः प्राप्त हो जाता है। इससे प्रपत्र दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं रहती और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी तथा समयबद्ध हो जाती है।

उन्होंने कहा कि ‘विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026’ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में सम्मिलित करना और किसी भी प्रकार की त्रुटियों को समाप्त करना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story