डीग, 18 मई। शहर के कामां गेट स्थित अमर टाकिज विमल वाटिका मैरिज गार्डन में मित्तल परिवार द्वारा परसोत्तम मास के पावन पर्व पर श्रीमती विमला देवी एवं अमर चंद सराफ की स्मृति में सोमवार को भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का गरिमामयी शुभारंभ हुआ। धार्मिक उत्सव के प्रथम दिन आयोजित की गई भव्य कलश यात्रा के साथ ही संपूर्ण क्षेत्र राममय हो गया।

इस दौरान कलश यात्रा कथा महोत्सव स्थल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों द्वारा जलपान कराकर और आरती उतारकर कलश यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर, मंगल गीत गाते हुए बैंड बाजे की सुमधुर धुन पर थिरकती नजर आईं।

श्रीराम कथा महोत्सव के मुख्य प्रवक्ता परम पूज्य लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर ने व्यासपीठ से कथा का रसपान कराते हुए कहा कि राम नाम की महिमा कभी भी कम नहीं होगी, बल्कि दिन-प्रतिदिन इसकी महिमा बढ़ती ही जाएगी। उन्होंने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राम की महिमा अपरंपार है और प्रभु श्रीराम स्वयं कह गए हैं कि राम से बड़ा राम का नाम है। जो बात स्वयं प्रभु श्रीराम ने कही है, वह कभी गलत नहीं हो सकती। राम नाम ही मानव जीवन का मुख्य आधार है और संपूर्ण ब्रह्मांड में हर जगह राम नाम की महिमा का गुणगान है।

महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर ने आगे विस्तार से बताते हुए कहा कि राम सिर्फ एक साधारण नाम नहीं है, बल्कि राम नाम सबसे बड़ा महामंत्र है। राम नाम की महिमा का प्रत्यक्ष प्रमाण यह है कि सदाशिव भोले शंकर भी निरंतर राम नाम का जप करते रहते हैं और इसी नाम का वे हर प्रहर जाप करते हैं। यह संपूर्ण संसार राम नाम के सहारे ही गतिमान है। सूर्य, चंद्रमा, अग्नि और वायु में जो भी अलौकिक शक्ति निहित है, वह सभी राम नाम में ही समाहित है। मानव जीवन के हर पल और हर क्षण में राम नाम का विशेष चलन और महत्व रहता है।

कथा व्यास पाराशर ने आध्यात्मिक रहस्यों को उजागर करते हुए कहा कि राम सब में बड़े हैं। राम में शिव और शिव में राम पूर्ण रूप से विद्यमान हैं। श्रीराम को शिव का महामंत्र माना गया है और राम सर्वमुक्त हैं, जो सबकी चेतना का सजीव नाम हैं। इस पावन एवं भव्य धार्मिक महोत्सव के अवसर पर दिनेष अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, सुभाष चंद अग्रवाल, मधु अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, हनी गोयल, शुभम अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, अक्षित अग्रवाल, अरनव अग्रवाल, अद्वैत अग्रवाल, रुत्विक अग्रवाल, शार्विल अग्रवाल एवं दिलीप अग्रवाल सहित अत्यंत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अनन्य भक्तगण मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story