श्री राम कथा का समापन हवन यज्ञ और भंडारे के साथ सम्पन्न
बयाना की विजय कॉलोनी में दस दिवसीय श्री राम कथा का समापन हवन यज्ञ और भव्य भंडारे के साथ श्रद्धा व उत्साह से हुआ। आचार्य पंडित गणेश ने हवन संपन्न कराया, वहीं कथा व्यास रविशंकर उपाध्याय का सम्मान किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ पाया।

बयाना। विजय कॉलोनी में पिछले दस दिनों से चल रही श्री राम कथा का आज धार्मिक उल्लास और आस्था के वातावरण में समापन हुआ। अंतिम दिवस पर हवन यज्ञ का आयोजन कर परिवार एवं समाज के कल्याण की कामना की गई। कथा का समापन भव्य भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
मंगलवार को कथा व्यास रविशंकर उपाध्याय के पावन सान्निध्य में कथा का समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ पर उनका सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा दक्षणा अर्पित कर धर्मलाभ अर्जित किया। बुधवार सुबह आचार्य पंडित गणेश के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ। यज्ञ के दौरान वातावरण वेदघोष और भक्ति रस से सराबोर हो उठा।
हवन के उपरांत कन्याओं और ब्राह्मणों को विधिवत भोजन प्रसादी कराई गई। तत्पश्चात आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर बूंदी, सब्जी और पूड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने विशेष उत्साह से भाग लिया और पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं श्रद्धा का परिचय दिया। प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं ने अपनी वारी का धैर्यपूर्वक इंतजार किया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।
भंडारे के समापन के पश्चात विधि-विधानपूर्वक रामायण जी की विदाई की गई। इस धार्मिक आयोजन में जयप्रकाश धाकड़, टोनी सिंगल, सुरेश बंसल, अचल प्रजापति, जीतेश प्रजापत, भारत-भूषण शर्मा, जोगेन्दर धाकड़, कान्हा गोयल, प्रमोद बंसल, हर्ष बंसल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आस्था, भक्ति और समाजिक एकता का प्रतीक यह आयोजन बयाना क्षेत्र में धार्मिक समरसता का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।a

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
